बारिश के मौसम में बढ़ा आई फ्लू का खतरा, जानें लक्षण और बचाव के आसान उपाय

Follow Us

नई दिल्ली। मानसून की बारिश जहां मौसम को सुहावना बनाती है, वहीं संक्रमण से जुड़ी कई बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है। इस मौसम में आई फ्लू यानी कंजंक्टिवाइटिस (Conjunctivitis) के मामले तेजी से सामने आने लगते हैं। नमी और बैक्टीरिया-वायरस के बढ़ते प्रभाव के कारण आंखों में संक्रमण फैल सकता है। कंजंक्टिवाइटिस आंख की बाहरी झिल्ली में होने वाली सूजन या संक्रमण है, जो वायरस, बैक्टीरिया या एलर्जी के कारण हो सकता है। यह संक्रमण संक्रमित व्यक्ति के संपर्क, तौलिया, रूमाल या अन्य निजी सामान साझा करने से फैल सकता है।

आई फ्लू के मुख्य लक्षणों में आंखों का लाल होना, लगातार पानी आना, खुजली और जलन, पलकों का चिपकना, आंखों में सूजन और पीले रंग का स्राव शामिल हैं। अगर ये परेशानी कई दिनों तक बनी रहे तो विशेषज्ञ डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है। बचाव के लिए हाथों की साफ-सफाई का ध्यान रखें, आंखों को बार-बार छूने से बचें और व्यक्तिगत सामान किसी के साथ साझा न करें। संक्रमित व्यक्ति से दूरी बनाए रखना भी जरूरी है। आंखों में दर्द, धुंधला दिखाई देना या ज्यादा सूजन होने पर लापरवाही न करें। डॉक्टर की सलाह के बिना आई ड्रॉप का इस्तेमाल करने से बचें, क्योंकि गलत दवा आंखों को नुकसान पहुंचा सकती है।