छत्तीसगढ़ में रेल नेटवर्क विस्तार को मिलेगी रफ्तार, CM साय ने रेल मंत्री से की लंबित परियोजनाओं पर चर्चा

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ में रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में बड़ी पहल हुई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर प्रदेश की लंबित और प्रस्तावित रेल परियोजनाओं को जल्द आगे बढ़ाने का आग्रह किया। बैठक में कई महत्वपूर्ण रेल परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई, जिस पर रेल मंत्री ने सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया। बैठक में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू और राजनांदगांव सांसद संतोष पाण्डेय भी मौजूद रहे। चर्चा के दौरान कटघोरा-डोंगरगढ़, रावघाट-जगदलपुर सहित उत्तर और दक्षिण छत्तीसगढ़ को जोड़ने वाली कई अहम रेल परियोजनाओं की प्रगति पर विचार किया गया।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के संतुलित और समावेशी विकास के लिए आधुनिक रेल संपर्क बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि बेहतर रेल नेटवर्क से प्रदेश के औद्योगिक, खनिज, कृषि, पर्यटन और जनजातीय क्षेत्रों को नई गति मिलेगी। रेल विस्तार से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और दूरस्थ क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी। बैठक में करीब 295 किलोमीटर लंबी कटघोरा-डोंगरगढ़ नई रेल लाइन परियोजना को लेकर विशेष चर्चा हुई। यह परियोजना रेल मंत्रालय और छत्तीसगढ़ सरकार के संयुक्त उपक्रम के माध्यम से विकसित की जाएगी। इसके लिए स्पेशल परपज़ व्हीकल (SPV) का गठन किया जाएगा। प्रस्तावित रेल लाइन कटघोरा, करतला, मुंगेली, कवर्धा और खैरागढ़ होते हुए डोंगरगढ़ तक जाएगी, जिससे कई ऐसे क्षेत्र पहली बार रेल नेटवर्क से जुड़ सकेंगे।

इसके अलावा करीब 140 किलोमीटर लंबी रावघाट-जगदलपुर रेल लाइन परियोजना की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और रेलवे की निविदा प्रक्रिया अंतिम चरण में है। रेल मंत्री ने इसे भी जल्द आगे बढ़ाने का भरोसा दिया। मुख्यमंत्री साय ने सरडेगा-पत्थलगांव-अंबिकापुर (244 किमी), धरमजयगढ़-पत्थलगांव-लोहरदगा (301 किमी) और अंबिकापुर-बरवाडीह (200 किमी) जैसी महत्वपूर्ण रेल परियोजनाओं को शीघ्र स्वीकृति देने का आग्रह किया। वहीं किरंदुल-कोत्तागुडेम (180 किमी) और गढ़चिरौली-बीजापुर-किरंदुल (बचेली) (490 किमी) नई रेल लाइन परियोजनाओं के सर्वे कार्य में तेजी लाने पर भी सहमति बनी। बैठक के बाद सांसद संतोष पाण्डेय ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में रेल मंत्री के साथ हुई चर्चा प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण रही। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से छत्तीसगढ़ में उद्योग, रोजगार, व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।