नई दिल्ली। ओमान के तट (होर्मुज) पर अमेरिकी हमले में तीन भारतीय नाविकों की दर्दनाक मौत के बाद देश में सियासी पारा गरमा गया है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने इस संवेदनशील मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुप्पी को लेकर उन पर तीखा हमला बोला है। राहुल गांधी ने केंद्र सरकार के ढुलमुल रवैये पर कड़े सवाल उठाते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक बेहद आक्रामक पोस्ट साझा की है। उन्होंने सीधे शब्दों में कहा कि, जब कोई विदेशी ताकत हमारे नागरिकों की जान लेती है, तो देश के प्रधानमंत्री का बोलना बेहद जरूरी होता है, लेकिन इस बार पीएम ने एक शब्द भी नहीं कहा।
कांग्रेस नेता ने अमेरिका के रुख पर भी गहरी नाराजगी जताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि, इतनी बड़ी घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी अमेरिका की तरफ से न तो कोई पछतावा जाहिर किया गया है और न ही कोई माफी मांगी गई है। प्रधानमंत्री मोदी को आड़े हाथों लेते हुए उन्होंने कहा कि एक स्वतंत्र और स्वाभिमानी देश इस तरह का अपमान कभी स्वीकार नहीं कर सकता।
राहुल गांधी ने जी-7 सम्मेलन का जिक्र करते हुए पीएम मोदी पर समझौतावादी होने का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने तंज कसा कि हमारे नौसैनिकों की हत्या के कुछ ही दिनों बाद मोदी जी अंतरराष्ट्रीय मंचों पर मुस्कुराएंगे, विदेशी नेताओं से गले मिलेंगे और समझौतों पर हस्ताक्षर करेंगे, लेकिन अपने ही देश के नागरिकों की जान चले जाने पर उनके पास दुख जताने के लिए दो शब्द बोलने का समय भी नहीं है। उन्होंने मौजूदा सरकार को नागरिकों की रक्षा करने में पूरी तरह विफल बताया है।
