गौवंश की सुरक्षा एवं सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु रेडियम कॉलर अभियान प्रारंभ

Follow Us

*डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा ने किया वितरण- आउटर एवं हाईवे मार्गों पर मवेशियों के गले में पहनाने का कार्य शुरू*

रायपुर। रायपुर शहर में रात्रि के समय सड़क एवं हाईवे पर बैठे अथवा विचरण कर रहे मवेशियों के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा वाहन चालकों एवं गौवंश की सुरक्षा के उद्देश्य से यातायात पुलिस, कमिश्नरेट रायपुर एवं छत्तीसगढ़ सीसीटीवी संगठन के संयुक्त तत्वावधान में रेडियम कॉलर अभियान प्रारंभ किया गया है।

इसी क्रम में आज छत्तीसगढ़ सीसीटीवी संगठन के सौजन्य से 1000 नग रेडियम कॉलर यातायात पुलिस रायपुर को उपलब्ध कराए गए। मरीन ड्राइव, रायपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा एवं छत्तीसगढ़ सीसीटीवी संगठन के पदाधिकारियों द्वारा हाईवे पेट्रोलिंग एवं यातायात थानों के अधिकारी-कर्मचारियों को रेडियम कॉलर वितरित किए गए।

रेडियम कॉलर का वितरण इस उद्देश्य से किया गया है कि यातायात पुलिस की टीमें अपने-अपने क्षेत्रों में सड़क एवं हाईवे पर बैठे अथवा विचरण कर रहे मवेशियों को चिन्हांकित कर उनके गले में रेडियम कॉलर पहनाएं।

रात्रि में दूर से दिखाई देंगे मवेशी
रेडियम कॉलर वाहन की हेडलाइट पड़ने पर चमकता है। इससे रात्रि के अंधेरे में सड़क पर बैठे मवेशी वाहन चालकों को दूर से ही दिखाई दे सकेंगे, जिससे चालक समय रहते वाहन की गति कम कर सकेंगे और दुर्घटना की स्थिति से बचा जा सकेगा।

विशेषकर आउटर क्षेत्रों एवं हाईवे मार्गों पर यह पहल अत्यंत उपयोगी साबित होगी, जहां रात्रि के समय सड़क पर बैठे मवेशी अचानक वाहन के सामने आने से दुर्घटना का कारण बनते हैं। इस अभियान से मवेशियों के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने में मदद मिलेगी।

आउटर एवं हाईवे क्षेत्रों में अभियान प्रारंभ
रेडियम कॉलर वितरण के साथ ही रायपुर शहर के आउटर क्षेत्रों एवं प्रमुख हाईवे मार्गों पर बैठे मवेशियों के गले में रेडियम कॉलर पहनाने का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। हाईवे पेट्रोलिंग एवं यातायात थानों की टीमों द्वारा ऐसे स्थानों को चिन्हांकित कर अभियान को निरंतर जारी रखा जाएगा। यातायात पुलिस का यह प्रयास केवल सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम तक सीमित नहीं है, बल्कि गौवंश की सुरक्षा एवं आम नागरिकों की सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में एक मानवीय एवं सामुदायिक पहल भी है।

कार्यक्रम में एसीपी सुरेंद्र साय पैकरा, रमेश येरेवार, सतीश ठाकुर, थाना प्रभारी यातायात तेलीबांधा विशाल कुजूर सहित यातायात पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी एवं छत्तीसगढ़ सीसीटीवी संगठन के पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।

यातायात पुलिस की अपील
यातायात पुलिस ने पशु मालिकों से अपील की है कि वे अपने मवेशियों को खुले में सड़क पर न छोड़ें तथा रात्रि के समय उन्हें सुरक्षित स्थान पर रखें। वाहन चालकों से भी अपील है कि आउटर एवं हाईवे मार्गों पर विशेष सावधानी बरतें, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं तथा सड़क पर मवेशी दिखाई देने पर वाहन की गति नियंत्रित कर सुरक्षित दूरी बनाए रखें।

यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर एवं छत्तीसगढ़ सीसीटीवी संगठन की यह संयुक्त पहल सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के साथ-साथ वाहन चालकों और गौवंश दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।