चंडीगढ़। पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन कांवड़ियों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल है। हादसा सरहिंद-मंडी गोबिंदगढ़ के बीच हाईवे पर हुआ, जहां तेज रफ्तार कार ने चार कांवड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। जानकारी के मुताबिक, सभी कांवड़िए फरीदकोट के कोटकपूरा के रहने वाले थे और गंगोत्री से गंगाजल लेकर वापस लौट रहे थे। हादसे में जगदीश मित्तल (40), महेंद्र पाल (43) और दीपक कुमार (42) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मुकेश गोयल गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि कांवड़ियों के दो अलग-अलग जत्थे 30 जुलाई को गंगोत्री के लिए रवाना हुए थे। इनमें शिव त्रिलोकी नाथ कांवड़ संघ और न्यू शिव कांवड़ संघ के श्रद्धालु शामिल थे। सभी का सोमवार को कोटकपूरा लौटने का कार्यक्रम था। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। इस दर्दनाक घटना के बाद कोटकपूरा के श्रद्धालु परिवारों में मातम पसरा है।
