रायपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) छत्तीसगढ़ के हजारों जरूरतमंद परिवारों के जीवन में बदलाव ला रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में योजना का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है, जिससे आवासविहीन परिवारों को पक्के मकान का लाभ मिल रहा है।
जशपुर जिले के तपकरा निवासी सुनील पांडेय भी इस योजना से लाभान्वित हुए हैं। पहले उनका परिवार कच्चे मकान में रहने को मजबूर था, जहां बारिश के दिनों में टपकती छत और असुरक्षित माहौल बड़ी परेशानी बन जाता था। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण पक्का घर बनाना उनके लिए मुश्किल था।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत सहायता मिलने के बाद सुनील पांडेय ने अपना पक्का मकान बनवाया। अब उनका परिवार सुरक्षित, स्वच्छ और सम्मानजनक वातावरण में जीवन जी रहा है। सुनील पांडेय ने बताया कि पक्का घर मिलने से परिवार की सबसे बड़ी चिंता दूर हो गई है और अब बरसात का मौसम परेशानी नहीं बल्कि राहत लेकर आता है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताते हुए कहा कि इस योजना ने उन्हें सिर्फ घर नहीं, बल्कि सुरक्षा, सम्मान और बेहतर भविष्य का भरोसा दिया है। प्रधानमंत्री आवास योजना अब प्रदेश के गरीब परिवारों के लिए आशा और आत्मनिर्भरता का आधार बन रही है।
