मुंबई। बॉलीवुड और साउथ फिल्मों में अपनी दमदार अदाकारी से पहचान बनाने वाले अभिनेता प्रदीप रावत को अंतिम विदाई दी गई। ‘गजनी’ में विलेन गजनी धर्मात्मा और टीवी सीरियल ‘महाभारत’ में अश्वत्थामा के किरदार से मशहूर हुए प्रदीप रावत का मंगलवार को कैंसर के कारण निधन हो गया था। वह 74 वर्ष के थे। प्रदीप रावत की अंतिम यात्रा के कई वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं। उनकी अंतिम यात्रा के लिए वाहन को फूलों से सजाया गया था और आगे उनकी तस्वीर लगाई गई थी, जिस पर श्रद्धांजलि संदेश लिखा था।
अंतिम दर्शन के लिए फिल्म और टीवी जगत की कई हस्तियां पहुंचीं। अभिनेता रजा मुराद ने प्रदीप रावत को याद करते हुए कहा कि वह बेहद प्रतिभाशाली कलाकार थे, लेकिन उन्हें उनकी काबिलियत के अनुसार वह मुकाम नहीं मिल पाया जिसके वह हकदार थे। टीवी अभिनेत्री रुहानिका धवन भी श्मशान घाट पहुंचीं और प्रदीप रावत को श्रद्धांजलि दी। वह इस दुख की घड़ी में परिवार को भावनात्मक सहारा देती नजर आईं।
अंतिम संस्कार के दौरान प्रदीप रावत के बेटे काफी भावुक दिखाई दिए। पिता को अंतिम विदाई देते समय उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। परिवार और करीबी लोगों ने नम आंखों से अभिनेता को आखिरी विदाई दी। बता दें कि प्रदीप रावत ने अपने करियर में करीब 150 फिल्मों में काम किया था। आमिर खान की फिल्म ‘गजनी’ में उनके खलनायक किरदार ने उन्हें घर-घर में पहचान दिलाई। इसके अलावा उन्होंने कई हिंदी और दक्षिण भारतीय फिल्मों में भी यादगार भूमिकाएं निभाईं।
