मुंबई। नेटफ्लिक्स ने तापसी पन्नू की अपकमिंग फिल्म ‘गांधारी’ का ट्रेलर रिलीज कर दिया है। देवाशीष मखीजा के निर्देशन और कनिका ढिल्लों के लेखन व निर्माण में बनी यह हाई-वोल्टेज एक्शन क्राइम-थ्रिलर एक मां की अपनी लापता बेटी को तलाशने की जद्दोजहद पर आधारित है। फिल्म में तापसी एक नेत्रहीन महिला बानी के किरदार में नजर आ रही हैं, जिसकी जिंदगी में उसकी बेटी सबसे बड़ा सहारा है। कहानी में उस वक्त बड़ा मोड़ आता है, जब ट्रेन में उसकी छोटी बेटी का अपहरण हो जाता है। बेटी के गायब होने के बाद बानी अपने पति गोकुल के साथ उसकी तलाश शुरू करती है, लेकिन जब तमाम कोशिशों के बावजूद बेटी का कोई सुराग नहीं मिलता तो वह खुद मामले की तह तक जाने का फैसला करती है। इसके लिए उसे ट्रेनिंग लेनी पड़ती है और इसके बाद वह अपनी पैरेलल इन्वेस्टिगेशन शुरू कर दुश्मनों से सीधे लोहा लेती दिखाई देती हैं।
फिल्म के ट्रेलर में एक मां के भावनात्मक संघर्ष के साथ जबरदस्त एक्शन और रहस्य देखने को मिलता है। कहानी में कई ऐसे मोड़ और डार्क खुलासे हैं, जो सस्पेंस को और गहरा करते हैं। इश्वाक सिंह फिल्म में गोकुल का किरदार निभा रहे हैं, जो अपनी बेटी के गायब होने के दर्द से जूझ रहा पिता है, जबकि जतिन सरना केस की जांच करने वाले अधिकारी कबीर की भूमिका में हैं। स्वास्तिका मुखर्जी, छाया कदम और मीता वशिष्ठ भी फिल्म की अहम स्टारकास्ट का हिस्सा हैं। ‘गांधारी’ तापसी पन्नू के फिजिकली डिमांडिंग किरदारों में से एक है, जिसमें एक्शन के साथ मां-बेटी के रिश्ते और भावनात्मक संघर्ष को भी प्रमुखता दी गई है।
‘गांधारी’ तापसी पन्नू और कनिका ढिल्लों की साथ में चौथी फिल्म है। इससे पहले दोनों ‘मनमर्जियां’ (2018), ‘हसीन दिलरुबा’ (2021) और ‘फिर आई हसीन दिलरुबा’ (2024) में साथ काम कर चुकी हैं। तापसी ने फिल्म के बारे में कहा कि इस भूमिका के लिए उन्हें शारीरिक रूप से काफी मेहनत करनी पड़ी, लेकिन किरदार की हिम्मत और दृढ़ संकल्प ने उन्हें आकर्षित किया। उन्होंने कनिका ढिल्लों और नेटफ्लिक्स के साथ दोबारा काम करने को भी खास बताया। देवाशीष मखीजा द्वारा निर्देशित और कनिका ढिल्लों द्वारा लिखित व प्रोड्यूस की गई ‘गांधारी’ 3 सितंबर 2026 को नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी।
