हिड़मा मामले पर सियासी घमासान तेज, भाजपा ने कांग्रेस से मांगा जवाब

Follow Us

रायपुर। नक्सली कमांडर हिड़मा को लेकर छत्तीसगढ़ की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया है कि, कुछ नेताओं के कथित बयानों से नक्सलियों के प्रति नरम रुख दिखाई देता है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने इस मामले में कांग्रेस से अपना रुख स्पष्ट करने की मांग की है। देवलाल ठाकुर ने कहा कि, नक्सली हिंसा के खिलाफ लड़ाई में शहीद हुए जवानों और नेताओं के बलिदान को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि, हिड़मा जैसे नक्सली नेताओं के समर्थन में दिए गए बयान बेहद गंभीर हैं और इससे जनता के बीच गलत संदेश जा सकता है।

भाजपा प्रवक्ता ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज से सवाल किया कि क्या पार्टी कथित रूप से हिड़मा का समर्थन करने वाले विधायक अटल श्रीवास्तव से जवाब मांगेगी या नहीं। उन्होंने कहा कि, कांग्रेस को इस मुद्दे पर अपनी स्थिति साफ करनी चाहिए। भाजपा ने नक्सलवाद के खिलाफ सख्त रुख अपनाने की बात दोहराते हुए कांग्रेस से कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, इस मामले में कांग्रेस की ओर से अभी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। राजनीतिक गलियारों में इस मुद्दे को लेकर आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।