धमतरी। जिले के दुगली थाना क्षेत्र के ग्राम भंडारवाड़ी स्थित जंगल में करीब सात महीने पहले मिले अज्ञात पुरुष के शव की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। मृतक की पहचान सुनिश्चित करने के लिए धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से सहयोग की अपील की है। पुलिस ने मृतक का हुलिया और पहनावे का विवरण जारी करते हुए लोगों से इस सूचना को अधिक से अधिक साझा करने का आग्रह किया है।
पुलिस के अनुसार, 16 अप्रैल 2026 को ग्राम भंडारवाड़ी के जंगल स्थित सागौन प्लाट में एक अज्ञात पुरुष का शव बरामद हुआ था। मृतक की उम्र लगभग 40 से 45 वर्ष आंकी गई है। काफी प्रयासों के बावजूद उसकी पहचान नहीं हो पाई है। मृतक की लंबाई लगभग 5 फीट 3 इंच, शरीर दुबला-पतला और रंग सांवला है। उसका चेहरा लंबा था तथा दांत बाहर की ओर दिखाई देते थे। बाल अधपके थे। शव मिलने के समय उसने काले-सफेद लाइनिंग वाली शर्ट और काले रंग का चड्ढी पहन रखा था।
धमतरी पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से अपील की है कि मृतक के फोटो एवं हुलिए को ध्यानपूर्वक देखें और अपने परिचितों तथा संबंधित क्षेत्रों के लोगों तक यह जानकारी पहुंचाएं। पुलिस का कहना है कि संभव है कि मृतक के परिजन उसकी तलाश कर रहे हों और किसी की छोटी-सी सूचना से उसकी पहचान हो सके।
छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति, आस्था और परंपराओं का प्रतीक है गौरा-गौरी पर्व — अश्वनी शर्मा
मृतक के संबंध में कोई जानकारी मिलने या पहचान होने पर थाना प्रभारी दुगली के मोबाइल नंबर 94791-91327, पुलिस कंट्रोल रूम धमतरी के मोबाइल नंबर 9479192299 अथवा फोन नंबर 07722-231344 पर संपर्क किया जा सकता है। धमतरी पुलिस ने अपील की है कि इस सूचना को अधिक से अधिक लोगों तक साझा करें, ताकि अज्ञात मृतक की पहचान कर उसके परिजनों तक जानकारी पहुंचाई जा सके।
