० कलेक्टर-सीईओ सहित जनप्रतिनिधियों ने विजयी प्रतिभागियों को दिया प्रमाणपत्र
सुकमा। ग्रामीण अंचलों की छिपी हुई खेल प्रतिभाओं को तराशने और उन्हें आगे बढऩे का सुनहरा अवसर प्रदान करने के संकल्प के तहत छिंदगढ़ विकासखंड में विकासखंड स्तरीय ‘बस्तर ओलंपिक का भव्य आयोजन किया गया। शुक्रवार को इस प्रतियोगिता में शामिल होने और खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन करने जिला कलेक्टर अमित कुमार एवं जिला पंचायत सीईओ मुकुन्द ठाकुर विशेष रूप से छिंदगढ़ पहुंचे। उन्होंने विभिन्न खेल मैदानों में जाकर मुकाबलों का जायजा लिया और मैदान पर उतरे खिलाडिय़ों से आत्मीय मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया। प्रशासन के इस संवेदनशील और प्रेरक प्रयास से पूरे क्षेत्र में खेलों के प्रति जबरदस्त ऊर्जा और उत्सव का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रतिभागियों की मेहनत और उत्कृष्ट प्रदर्शन को सराहते हुए कलेक्टर अमित कुमार, जिला सीईओ मुकुन्द ठाकुर एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा विजेता तथा प्रतिभागी खिलाडिय़ों को प्रमाणपत्र और शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रशासन का विजन साझा करते हुए अधिकारियों ने कहा कि बस्तर ओलंपिक जैसे महत्वाकांक्षी आयोजन के माध्यम से प्रशासन का मुख्य उद्देश्य यह है कि दूरस्थ अंचलों के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का एक सशक्त मंच मिले, जिससे वे खेलों के जरिए न केवल अपने सपनों को नई उड़ान दे सकें बल्कि जिले और प्रदेश का नाम भी राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करें।
धमतरी के जंगल में मिले अज्ञात शव की पहचान के लिए पुलिस ने आमजन से मांगी मदद
इस गौरवमयी आयोजन में जिला पंचायत सदस्य हुंगाराम मरकाम, एसडीएम सुमीत ध्रुव, जनपद पंचायत सीईओ शंकर बघेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और ग्रामीणजन उपस्थित रहे। जिला प्रशासन की इस पहल का स्थानीय युवाओं और ग्रामीणों ने खुले दिल से स्वागत किया, जिससे यह स्पष्ट है कि बस्तर अब खेल और सकारात्मक बदलाव की एक नई इबारत लिखने के लिए पूरी तरह तैयार है।
