ओशियन ग्रो गांजा केस में पुलिस की कार्रवाई तेज, दूसरा आरोपी भी पकड़ा गया

Follow Us

रायपुर। राजधानी रायपुर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कमिश्नरेट पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने ‘ओशियन ग्रो गांजा’ सप्लाई नेटवर्क से जुड़े दूसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद शहर में सक्रिय अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क का खुलासा और गहराता जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, इससे पहले 11 अप्रैल को आरोपी रितिक पसरिचा को गिरफ्तार किया गया था, जिसके पास से 2.870 किलोग्राम गांजा और 114 ग्राम ‘ओशियन ग्रो गांजा’ बरामद हुआ था। पूछताछ के बाद मिले इनपुट के आधार पर पुलिस ने मोहित पाल को हिरासत में लिया, जो दिल्ली का रहने वाला है और रायपुर के मोवा इलाके में रह रहा था।

जांच में सामने आया है कि, मोहित पाल अपने साथी रितिक और अन्य लोगों के साथ मिलकर दिल्ली से कुरियर के जरिए नशे का सामान मंगवाता था और रायपुर में सप्लाई करता था। यह पूरा नेटवर्क ऑनलाइन चैटिंग और डिजिटल पेमेंट के जरिए संचालित किया जा रहा था। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है और अब तीसरे फरार आरोपी की तलाश जारी है। साथ ही पुलिस उन लोगों की भी जानकारी जुटा रही है, जिन्होंने इस नशे की खेप को खरीदा या उपयोग किया। अधिकारियों का कहना है कि, यह कार्रवाई एक बड़े संगठित ड्रग नेटवर्क की कड़ी हो सकती है, जिसकी जांच अब तेज कर दी गई है।