ATM तोड़कर चोरी की कोशिश नाकाम, कुछ घंटों में आरोपी गिरफ्तार

Follow Us

खैरागढ़। ATM मशीन तोड़कर पैसे निकालने की कोशिश करने वाले आरोपी का ‘रातों-रात अमीर बनने’ का प्लान फेल हो गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के अनुसार, 14 अप्रैल को उदयपुर स्थित एक ATM में तोड़फोड़ की घटना सामने आई। मशीन की देखरेख करने वाले कर्मचारी ने जब ATM बंद पाया, तो अंदर जाकर देखा कि मशीन और लॉबी में तोड़फोड़ की गई है। इससे साफ था कि किसी ने सुनियोजित तरीके से नकदी निकालने की कोशिश की, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था के चलते वह सफल नहीं हो सका। घटना की सूचना मिलते ही छुईखदान पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, आसपास की गतिविधियों और संदिग्ध मूवमेंट के आधार पर आरोपी की तलाश की। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने की कोशिश करता मिला, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपी चंपालाल जंघेल (40 वर्ष), निवासी ग्राम उदयपुर ने ATM में तोड़फोड़ कर चोरी का प्रयास करना स्वीकार कर लिया। उसके पास से घटना में इस्तेमाल किए गए औजार भी बरामद किए गए हैं।