शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर पुलिस की सख्ती, 11 चालकों पर 1.25 लाख का जुर्माना

Follow Us

बलौदाबाजार-भाटापारा। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और शराब के नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में चलाए गए चेकिंग अभियान के दौरान ब्रेथ एनालाइजर से वाहन चालकों की जांच की गई। नशे में वाहन चलाते पाए गए 11 चालकों के वाहन जब्त कर उनके खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। 21 अगस्त 2026 को न्यायालय ने इन मामलों में फैसला सुनाते हुए 8 वाहन चालकों पर 10-10 हजार रुपये और 3 वाहन चालकों पर 15-15 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया। इस तरह सभी 11 चालकों पर कुल 1 लाख 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।

पुलिस ने बताया कि शराब के नशे में वाहन चलाते पकड़े गए सभी चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित कराने की कार्रवाई भी की जाएगी। पुलिस का उद्देश्य नशे में वाहन चलाने वालों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित कर सड़क दुर्घटनाओं को रोकना है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि शराब का सेवन करने के बाद किसी भी स्थिति में वाहन न चलाएं। नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ चेकिंग और कानूनी कार्रवाई का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।