राज्योत्सव 2026 में योजना एवं सांख्यिकी विभाग का स्टॉल बना आकर्षण, डिजिटल क्विज में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे लोग

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ पर नवा रायपुर में आयोजित राज्योत्सव 2026 में योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी तथा बीस सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग का स्टॉल लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यहां विभाग की योजनाओं, उपलब्धियों और नवाचारों को आकर्षक सूचना बोर्ड, एलईडी स्क्रीन पर वीडियो और डिजिटल प्रश्नोत्तरी के माध्यम से प्रदर्शित किया जा रहा है। स्टॉल में जन्म-मृत्यु पंजीकरण, आर्थिक सर्वेक्षण, आकांक्षी जिला कार्यक्रम, सकल राज्य घरेलू उत्पाद का अनुमान, राष्ट्रीय प्रतिदर्श सर्वेक्षण, सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना और विधायक निधि से जुड़ी जानकारियां दी जा रही हैं। इनके जरिए आगंतुकों को विभाग की कार्यप्रणाली और प्रदेश के सामाजिक एवं आर्थिक विकास में उसकी भूमिका समझने का अवसर मिल रहा है।

प्रदर्शनी में एलईडी स्क्रीन पर विभागीय योजनाओं और गतिविधियों से जुड़ी वीडियो फिल्में दिखाई जा रही हैं। वहीं, डिजिटल प्रश्नोत्तरी के जरिए लोग उत्साहपूर्वक अपनी भागीदारी निभा रहे हैं और विभागीय योजनाओं से संबंधित जानकारी हासिल कर रहे हैं। स्टॉल के माध्यम से नागरिकों को यह भी बताया जा रहा है कि विश्वसनीय सांख्यिकीय आंकड़े विकास योजनाओं के निर्माण, संसाधनों के बेहतर उपयोग और योजनाओं की निगरानी में अहम भूमिका निभाते हैं। आंकड़ों के विश्लेषण, डिजिटल तकनीक और साक्ष्य आधारित नीति निर्माण की जानकारी देकर विभाग आम लोगों में सांख्यिकी के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास कर रहा है।