कोरबा। जिले के मुड़ापार मुख्य मार्ग पर एक ही रात में दो अलग-अलग बड़े हादसे होने से हड़कंप मच गया। पहली घटना में तेज रफ्तार भारी वाहन ने बाइक सवार को चपेट में ले लिया, जबकि दूसरी घटना में दो ट्रेलर आपस में भिड़ गए। इसके बाद सुबह तक जाम की स्थिति बनी रही।
पहली घटना रामनगर रेलवे कॉलोनी मोड़ के पास की है। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार भारी वाहन ने एक बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल अस्पताल भेजा गया।
छत्तीसगढ़ राज्योत्सव में पलक की सुरमयी प्रस्तुति ने जीता दिल, बॉलीवुड गानों पर झूमे दर्शक
वहीं, दूसरी घटना मुड़ापार पेट्रोल पंप के पास रात के वक्त हुई। यहां दो ट्रेलर वाहनों में जोरदार भिड़ंत हो गई। भिड़ंत के बाद दोनों ट्रक चालकों के बीच विवाद बढ़ गया और मारपीट की स्थिति बन गई। हादसे के बाद दोनों ट्रेलर सड़क पर ही क्षतिग्रस्त हालत में खड़े रहे, जिससे रातभर यातायात प्रभावित रहा। रात में हुए हादसों के कारण सुबह तक जाम की स्थिति बनी रही। सुबह स्कूल, दफ्तर और काम पर निकले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। घरों के सामने भारी वाहन घंटों तक खड़े रहे, जिससे लोगों का बाहर निकलना मुश्किल हो गया।
स्थानीय पार्षद गोपाल कुर्रे ने इस पर नाराजगी जताई है। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगाने की मांग कई बार की जा चुकी है। इस संबंध में कई बार पत्राचार भी किया गया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं निकला। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आमजन आक्रोशित होकर आंदोलन करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।
राज्योत्सव में आज सजेगी सुरों की महफिल, ‘मैं अयोध्या हूं’ नाटक होगा खास आकर्षण
पार्षद ने आरोप लगाया कि नो एंट्री के दौरान भी भारी वाहन बेरोकटोक प्रवेश करते हैं और सड़क पर खड़े रहते हैं, जिससे स्थानीय लोगों को रोजाना परेशानी होती है। मांग की जा रही है कि यदि भारी वाहनों का संचालन हो रहा है तो यातायात विभाग को इस मार्ग पर कर्मचारियों की तैनाती करनी चाहिए। फिलहाल, मानिकपुर चौकी पुलिस ने दोनों मामलों में संज्ञान लेते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
