पखांजूर। कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, पखांजूर ने बस्तर आम महोत्सव 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है, महाविद्यालय के अधिष्ठाता के मार्गदर्शन में डॉ. जे. एल. नाग के नेतृत्व में आम से तैयार विभिन्न प्रसंस्कृत उत्पादों की प्रतियोगिता में भाग लिया गया, जिसमें 350 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता में कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, पखांजूर को मैंगो पाउडर (आम पाउडर) श्रेणी में प्रथम स्थान, आम के अचार के लिए द्वितीय स्थान तथा आमचूर (सूखा आम) श्रेणी में तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। इसके अलावा क्षेत्र के दो किसानों को आम उत्पादन में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
विजेताओं को कार्यक्रम में उपस्थित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया। इस उपलब्धि से महाविद्यालय का नाम क्षेत्र में गौरवान्वित हुआ है तथा आम प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धन के क्षेत्र में संस्थान की कार्यशैली को नई पहचान मिली है।
दो दिवसीय बस्तर आम महोत्सव का आयोजन 13 एवं 14 जून 2026 को क्रांतिकारी देवरीधुर उद्यानिकी महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ बस्तर लोकसभा क्षेत्र के सांसद महेश कश्यप, जगदलपुर विधायक एवं भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, महात्मा गांधी उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. रवि आर. सक्सेना तथा अनुसंधान सेवाओं के संचालक डॉ. जितेंद्र सिंह की उपस्थिति में हुआ। महोत्सव का उद्देश्य आम की उन्नत किस्मों, प्रसंस्कृत उत्पादों तथा मूल्य संवर्धन तकनीकों को बढ़ावा देना था। महाविद्यालय की इस सफलता को क्षेत्र में कृषि नवाचार और किसानोन्मुखी अनुसंधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
