छत्तीसगढ़ में 5.34 लाख टन से अधिक धान की खरीदी, 1.33 लाख किसान लाभान्वित

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ में चालू खरीफ विपणन सीजन के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का अभियान जारी है। प्रदेश में 27 नवंबर तक पांच लाख 34 हजार 798 टन धान की खरीदी की जा चुकी है। राज्य प्रशासन से रविवार को मिली जानकारी के अनुसार अब तक एक लाख 33 हजार 404 किसान अपना धान बेच चुके हैं। वहीं, 27 नवंबर को एक ही दिन में 90 हजार 910 टन धान की खरीदी दर्ज की गई। चालू खरीफ सीजन में धान बेचने के लिए प्रदेश के 28 लाख से अधिक किसानों ने पंजीयन कराया है।

सरसों तेल एक सप्ताह में 586 रुपये महंगा, चावल, दालें भी महंगी

राज्य सरकार किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान की खरीदी 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से कर रही है। सरकार ने इस वर्ष प्रति एकड़ 21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले किसानों को भी कृषि उन्नति योजना के तहत निर्धारित अंतर राशि का लाभ देने का निर्णय लिया है। इससे विशेष रूप से छोटे किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है। प्रशासन के अनुसार किसानों की सुविधा के लिए इस वर्ष 360 नए धान उपार्जन केंद्र स्थापित किए गए हैं। वर्तमान में प्रदेश के 2,634 उपार्जन केंद्रों में धान की आवक शुरू हो चुकी है। किसान ‘टोकन तुंहर हाथ’ मोबाइल ऐप के माध्यम से ऑनलाइन टोकन प्राप्त कर धान बेचने की तिथि निर्धारित कर रहे हैं।

एफपीआई ने नवंबर में किया 17 अरब डॉलर का रिकॉर्ड निवेश

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि किसानों की मेहनत का सम्मान और उनकी उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को धान खरीदी के दौरान किसानों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने तथा उपार्जन केंद्रों में पेयजल, बैठने और प्राथमिक उपचार सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन की ओर से धान खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।