रायपुर में ऑनलाइन सट्टा ऐप का भंडाफोड़, गोल चौक के मकान से चल रहा था काम

Follow Us

रायपुर। राजधानी रायपुर में ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सट्टा नेटवर्क का खुलासा किया है। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना डी डी नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी गोल चौक क्षेत्र स्थित एक मकान से ऑनलाइन सट्टा ऐप के माध्यम से विभिन्न गेम और इवेंट्स पर दांव लगवा रहे थे। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम जोन) रॉबिन्सन गुरिया के सतत मॉनिटरिंग में की गई। वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना मिली थी कि थाना डी डी नगर क्षेत्र के गोल चौक के पास स्थित एक मकान में कुछ लोग ऑनलाइन सट्टे का संचालन कर रहे हैं।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों ने एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना डी डी नगर पुलिस को तत्काल जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस टीम ने मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान पर निगरानी रखी और पुष्टि होने के बाद मकान में दबिश दी। रेड कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम को मौके पर तीन युवक मिले। पूछताछ करने पर उन्होंने अपना नाम देव कुमार साहू, कुंदन दास मानिकपुरी उर्फ छोटू और आकाश खाण्डेकर बताया। पुलिस ने जब उनके पास मौजूद लैपटॉप और मोबाइल फोन की जांच की तो उसमें ओस्कर ऑनलाइन सट्टा ऐप के माध्यम से विभिन्न प्रकार के गेम और इवेंट्स पर ऑनलाइन सट्टा संचालित करना पाया गया। पुलिस ने मौके से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से ऑनलाइन सट्टा संचालन में इस्तेमाल किए जा रहे 7 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, नगद रकम 17 हजार 200 रुपये और एक वाईफाई राउटर बरामद किया गया। जब्त किए गए सामान की कुल कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस ने इस मामले में थाना डी डी नगर में अपराध क्रमांक 457/26 दर्ज किया है। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर कानूनी कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान देव कुमार साहू पिता महेश राम साहू उम्र 24 वर्ष निवासी पुरगांव थाना बिलाईगढ़ जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़, वर्तमान पता किराये का मकान गोल चौक के पास थाना डी डी नगर रायपुर, कुंदन दास मानिकपुरी उर्फ छोटू पिता पूरन दास मानिकपुरी उम्र 23 वर्ष निवासी ग्राम लिमतरी थाना बिलाईगढ़ जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़, वर्तमान पता गोल चौक के पास थाना डी डी नगर रायपुर और आकाश खाण्डेकर पिता लक्ष्मी नारायण खाण्डेकर उम्र 23 वर्ष निवासी ग्राम लिमतरी थाना बिलाईगढ़ जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़, वर्तमान पता गोल चौक के पास थाना डी डी नगर रायपुर के रूप में हुई है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ऑनलाइन सट्टे का कारोबार कई बार डिजिटल माध्यमों से संचालित किया जाता है, जिसमें आरोपी मोबाइल, लैपटॉप और इंटरनेट के जरिए लोगों से पैसे लगवाते हैं। ऐसे मामलों में पुलिस लगातार तकनीकी माध्यमों से निगरानी रख रही है और सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है।गिरफ्तार आरोपियों से ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, मुख्य संचालकों और आर्थिक लेन-देन के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस नेटवर्क में और कितने लोग शामिल हैं और सट्टे से जुड़े पैसों का लेन-देन किस माध्यम से किया जा रहा था।

पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना अभी जारी है। पूछताछ और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। रायपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि ऑनलाइन सट्टा और अवैध गतिविधियों से दूर रहें तथा ऐसी किसी भी गतिविधि की जानकारी पुलिस को दें। इस कार्रवाई को रायपुर कमिश्नरेट पुलिस की साइबर अपराध और अवैध सट्टे के खिलाफ चल रही मुहिम में बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस की संयुक्त टीम की सक्रियता से ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वाले आरोपियों को पकड़ने में सफलता मिली है।