छात्रा आत्महत्या मामले में NSUI नेता गिरफ्तार, कांग्रेस ने पार्टी और पद से किया निलंबित

Follow Us

अंबिकापुर। चिरमिरी के गांधीनगर थाना क्षेत्र में 19 वर्षीय स्नातक प्रथम वर्ष की छात्रा की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने NSUI नेता ज्ञान प्रकाश तिवारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को सोमवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। ज्ञान प्रकाश तिवारी संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय के NSUI प्रभाग में उपाध्यक्ष के पद पर था। मामला सामने आने के बाद सरगुजा कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने उसे संगठन के पद के साथ पार्टी से भी निलंबित कर दिया है।

मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के चिरमिरी गोदरीपारा की रहने वाली छात्रा अंबिकापुर के राजीव गांधी स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बीए प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रही थी। वह पटपरिया में अपनी बहन और जीजा के साथ रहती थी। 11 सितंबर को कॉलेज से लौटने के बाद वह अपने कमरे में चली गई थी। अगले दिन कमरे में नहीं मिलने पर परिजनों ने तलाश की तो शौचालय की खिड़की से छात्रा का शव फंदे से लटका मिला। परिजनों के मुताबिक, छात्रा की सहेलियों ने बताया था कि ज्ञान प्रकाश तिवारी के पास उसकी निजी चैट और वीडियो थे। आरोप है कि इन्हें परिजनों को दिखाने की धमकी देकर वह छात्रा को ब्लैकमेल कर रहा था।

छात्रा के जीजा की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू की और छात्रा का मोबाइल भी जब्त किया। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था। 12 सितंबर की रात उसकी गिरफ्तारी की मांग को लेकर ABVP कार्यकर्ताओं और मृतका के परिजनों ने गांधीनगर थाने के बाहर NSUI का पुतला जलाकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर राजनीतिक दबाव में आरोपी को बचाने का आरोप लगाया था। इसके बाद पुलिस ने 14 सितंबर को ज्ञान प्रकाश तिवारी को गिरफ्तार कर लिया।

मामला सामने आने के बाद कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने आरोपी को पद और पार्टी से निलंबित कर दिया। निलंबन पत्र में आरोपी पर गंभीर आपराधिक मामला दर्ज होने और उसकी गतिविधियों को पार्टी की नीतियों व आचरण के विपरीत बताया गया है। जिलाध्यक्ष ने तीन दिन के भीतर संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर स्थायी निष्कासन की कार्रवाई की चेतावनी दी है। पुलिस छात्रा के मोबाइल समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।