AI तस्वीरों से ब्लैकमेलिंग के आरोप में घिरे दीपक टंडन को राहत नहीं, अदालत ने जमानत याचिका की खारिज

Follow Us

बिलासपुर। न्यूज पोर्टल की आड़ में कथित ब्लैकमेलिंग और धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार होटल कारोबारी दीपक टंडन को न्यायालय से झटका लगा है। नवम सत्र न्यायाधीश की अदालत ने उसकी जमानत याचिका खारिज कर दी। मामले में लगाए गए आरोपों और उसकी गंभीरता को देखते हुए अदालत ने आरोपी को जमानत देने से इनकार कर दिया।

पुलिस के मुताबिक, दीपक टंडन पर न्यूज पोर्टल के जरिए भ्रामक और लोगों की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने वाली खबरें प्रकाशित करने का आरोप है। शिकायत के अनुसार, वह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से लोगों की तस्वीरों में बदलाव कर आपत्तिजनक फोटो तैयार करता था। इसके बाद तस्वीरें और खबरें सार्वजनिक करने की धमकी देकर कथित रूप से पैसों की मांग की जाती थी। इस मामले में तिफरा निवासी मणिशंकर पांडेय की शिकायत पर सिरगिट्टी थाने में अपराध दर्ज किया गया था। जांच के बाद पुलिस ने 6 नवंबर को रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर स्थित रजत प्राइम अपार्टमेंट से दीपक टंडन को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए थे।

पुलिस का दावा है कि जब्त मोबाइल की जांच में आपत्तिजनक फोटो, वीडियो और ऑडियो सामग्री मिली है। इसके बाद पुलिस आरोपी को प्रोडक्शन वारंट पर बिलासपुर से रायपुर लेकर पहुंची और न्यायालय में पेश किया। मामले में दीपक टंडन और उसकी पत्नी बरखा टंडन के खिलाफ रायपुर, कोरबा और सक्ती समेत प्रदेश के अलग-अलग जिलों में करीब 10 एफआईआर दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।

दोनों पर होटल में अवैध कब्जे, जमीन से जुड़े धोखाधड़ी के मामलों, फर्जी सौदों और फॉर्च्यूनर कार बेचने के नाम पर 20 लाख रुपये की ठगी के आरोप भी हैं। इसके अलावा कोयला कारोबारियों और SECL में ठेका दिलाने का झांसा देकर रकम वसूलने, पैसे मांगने पर धमकी देने तथा AI से तैयार तस्वीरों के जरिए ब्लैकमेलिंग करने के आरोप लगाए गए हैं। दीपक टंडन का नाम पूर्व डीएसपी कल्पना वर्मा से जुड़े विवाद में भी सामने आ चुका है। फिलहाल पुलिस जब्त मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है।