रायपुर । तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने मंगलवार को नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से सौजन्य भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री साय ने छत्तीसगढ़ आगमन पर उनका आत्मीय स्वागत और अभिनंदन किया। दोनों नेताओं के बीच मुलाकात के दौरान आपसी सहयोग और दोनों राज्यों से जुड़े साझा हितों के विषयों पर चर्चा हुई।
बैठक में दोनों मुख्यमंत्रियों ने इस बात पर जोर दिया कि आपसी हितों से जुड़े मुद्दों पर लगातार संवाद और सहयोग बनाए रखना जरूरी है। इस मुलाकात में दोनों राज्यों के बीच समन्वय और बेहतर संबंधों को आगे बढ़ाने पर भी विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर तेलंगाना के जल संसाधन मंत्री एन. रेड्डी, छत्तीसगढ़ के पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल और छत्तीसगढ़ स्टेट बेवरेज कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष श्रीनिवास राव मद्दी मौजूद रहे। इसके अलावा छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव विकास शील, तेलंगाना के मुख्य सचिव संजय जाजू, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, सचिव राहुल भगत और जल संसाधन विभाग के सचिव राजेश सुकुमार टोप्पो सहित दोनों राज्यों के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
