अल्बानी/यरूशलेम। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी की गिरफ्तारी संबंधी मांग पर कड़ा जवाब देते हुए कहा कि, उन्हें कोई भी गिरफ्तार नहीं करा सकता। उन्होंने स्पष्ट किया कि, वह सितंबर में होने वाली संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) की बैठक में शामिल होने के लिए न्यूयॉर्क जरूर जाएंगे।
नेतन्याहू ने अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायालय (ICC) की ओर से लगाए गए युद्ध अपराधों के आरोपों को पूरी तरह निराधार और राजनीतिक बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि, ममदानी यहूदी-विरोधी माहौल को बढ़ावा दे रहे हैं और समाज में विभाजन पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि उनके खिलाफ चलाया जा रहा अभियान तथ्यों के बजाय राजनीतिक एजेंडे से प्रेरित है।
दरअसल, ममदानी ने गाजा युद्ध को लेकर नेतन्याहू के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। हालांकि, न्यूयॉर्क शहर के पास आईसीसी के गिरफ्तारी वारंट को लागू करने का कानूनी अधिकार नहीं है। इस बीच, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पहले ही कह चुके हैं कि उनके रहते इजरायली प्रधानमंत्री की गिरफ्तारी का सवाल ही नहीं उठता। गाजा संघर्ष और आईसीसी की कार्रवाई को लेकर वैश्विक राजनीति में बहस तेज है, जबकि नेतन्याहू ने संकेत दिया है कि वह अंतरराष्ट्रीय मंचों पर इजरायल का पक्ष मजबूती से रखते रहेंगे।
