बर्लिन। जर्मनी की राजधानी बर्लिन में आयोजित LGBTQ+ प्राइड सेलिब्रेशन के दौरान हुए जानलेवा हमले के मुख्य आरोपी को पुलिस ने लगभग 24 घंटे की तलाश के बाद मुठभेड़ में मार गिराया। यह हमला शनिवार रात टायरगार्टन पार्क में हुआ, जहां यूरोप के सबसे बड़े क्रिस्टोफर स्ट्रीट डे (CSD) प्राइड समारोह का समापन चल रहा था। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने तेज रफ्तार वैन को भीड़ में घुसा दिया और इसके बाद धारदार हथियार से लोगों पर हमला कर दिया। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 29 लोग घायल हुए। वारदात के बाद पूरे शहर में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया और संदिग्ध की तलाश शुरू की गई।
रविवार को स्पैंडाउ इलाके में पुलिस ने आरोपी को घेर लिया। अधिकारियों का कहना है कि, संदिग्ध ने पुलिस पर धारदार हथियार से हमला करने की कोशिश की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसे गोली मार दी गई। पुलिस ने हमलावर की पहचान 21 वर्षीय अब्दुल बल्लाउट के रूप में की है, जो जर्मन नागरिक और लेबनानी मूल का था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि, वह पहले से सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी में था और वर्ष 2025 में कथित तौर पर आतंकी संगठन ISIS में शामिल होने के लिए लेबनान जाने की कोशिश कर चुका था। फिलहाल जांच एजेंसियां हमले के आतंकी संबंधों और संभावित नेटवर्क की गहन जांच कर रही हैं।
