रायपुर में अतिक्रमण पर NHAI की कार्रवाई, तेलीबांधा में अवैध प्रवेश मार्ग बंद

Follow Us

रायपुर। राजधानी में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने अतिक्रमण और अनधिकृत प्रवेश मार्गों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में रिंग रोड नंबर-1 पर तेलीबांधा स्थित व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के पास बने अवैध प्रवेश मार्ग को बंद कर दिया गया है। वहीं, भाठागांव क्षेत्र में भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है।

NHAI के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्गों पर अतिक्रमण और अवैध कट दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ा सकते हैं। सार्वजनिक सड़कों को सुरक्षित और सुगम बनाए रखने के लिए संबंधित नियमों एवं न्यायालयों के निर्देशों के अनुरूप कार्रवाई की जा रही है। क्षेत्रीय अधिकारी आलोक कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर सुरक्षित और निर्बाध यातायात सुनिश्चित करना प्राधिकरण की प्राथमिकता है।

राष्ट्रीय राजमार्गों पर मरम्मत का काम भी जारी

सड़क की स्थिति बेहतर बनाए रखने के लिए NHAI क्षतिग्रस्त हिस्सों और गड्ढों की पहचान कर पैचवर्क रिपेयरिंग करा रहा है। इसके साथ ही अतिक्रमण हटाने, अनधिकृत प्रवेश मार्गों पर रोक लगाने और अवैध पार्किंग की समस्या दूर करने के लिए भी कदम उठाए जा रहे हैं। प्राधिकरण ने नागरिकों और वाहन चालकों से अवैध कट व पार्किंग से बचने तथा यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।