रायपुर। बंगाल की खाड़ी से आए चक्रवात अकवान का असर कमजोर पड़ने के साथ ही छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर लगभग थम गया है। अब प्रदेश में ठंड बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों में उत्तरी छत्तीसगढ़ के न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है। इससे सरगुजा संभाग सहित उत्तर के अन्य इलाकों में ठिठुरन बढ़ने की संभावना है। वहीं प्रदेश के मध्य और दक्षिणी हिस्सों में अगले पांच दिनों तक न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव के आसार नहीं हैं।
सोमवार को प्रदेश में एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की बारिश दर्ज की गई। हालांकि बारिश का प्रभाव अब काफी कम हो गया है। इस दिन जगदलपुर में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम न्यूनतम तापमान 16.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई है।
राजधानी रायपुर में 24 नवंबर को आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है। यहां अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। 23 नवंबर को प्रदेश के विभिन्न जिलों में न्यूनतम तापमान 16.6 से 20.5 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। गरियाबंद में 20.5 डिग्री, रायपुर में 20.4, बालोद और बलरामपुर में 20.1, बिलासपुर में 20, कोरबा में 19.8, राजनांदगांव और सूरजपुर में 19.5, कबीरधाम में 19.3, पेमरा में 19, मुंगेली में 18.6 और दुर्ग में 18.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा।
इसके अलावा सक्ती और सरगुजा में 18 डिग्री, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में 17.8 डिग्री तथा बस्तर में 16.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक फिलहाल कोई सक्रिय मौसम प्रणाली नहीं है। ऐसे में उत्तरी छत्तीसगढ़ में तापमान गिरने से ठंड बढ़ सकती है, जबकि मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में अगले पांच दिनों तक मौसम में खास बदलाव की संभावना नहीं है।
