नई दिल्ली। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI) पर यात्रियों की आवाजाही आसान बनाने के लिए चालक रहित एयर ट्रेन चलाने की तैयारी शुरू हो गई है। दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (DIAL) ने ऑटोमेटेड पीपल मूवर (APM) परियोजना के लिए वैश्विक निविदा जारी की है। करीब 7.3 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर के माध्यम से एयरपोर्ट के प्रमुख टर्मिनल और व्यावसायिक क्षेत्रों को आपस में जोड़ा जाएगा। परियोजना के तहत छह स्टेशन बनाए जाएंगे और एयर ट्रेन को मौजूदा मेट्रो नेटवर्क से भी जोड़ा जाएगा।
प्रस्तावित कॉरिडोर की कुल लंबाई 7.3 किलोमीटर होगी। इसमें 5.3 किलोमीटर हिस्सा जमीन से ऊपर और करीब दो किलोमीटर हिस्सा जमीन के स्तर पर बनाया जाएगा। छह स्टेशनों में टर्मिनल-3, कार्गो टर्मिनल, डाउनटाउन एयरोसिटी, एयरोसिटी, हॉस्पिटैलिटी डिस्ट्रिक्ट और टर्मिनल-1 शामिल हैं। इससे यात्रियों के अलावा एयरपोर्ट पर काम करने वाले कर्मचारियों को भी सुविधा मिलेगी। एयरपोर्ट के अलग-अलग हिस्सों के बीच सफर तेज होगा और सड़क मार्ग पर निर्भरता कम होने की उम्मीद है।
डायल ने एयर ट्रेन परियोजना को तीन पैकेज में बांटा है। पहले पैकेज में ट्रेन, ट्रैक, बिजली आपूर्ति और डिपो से जुड़े काम होंगे। दूसरे पैकेज में सिग्नलिंग, ट्रेन नियंत्रण, दूरसंचार, संचालन नियंत्रण केंद्र, स्वचालित किराया संग्रह और सुरक्षा उपकरण लगाए जाएंगे। तीसरे पैकेज में स्टेशन, गाइडवे, डिपो भवन और अन्य निर्माण कार्य शामिल हैं। तीनों पैकेज में संबंधित प्रणालियों और सुविधाओं के संचालन एवं रखरखाव की जिम्मेदारी 10 साल तक निर्धारित की गई है। कंपनियां अकेले या अधिकतम तीन सदस्यों के संयुक्त उद्यम के रूप में निविदा में हिस्सा ले सकेंगी।
वहीं, एयरपोर्ट की मेट्रो कनेक्टिविटी बेहतर करने के लिए दिल्ली मेट्रो रेल निगम (DMRC) भी नई भूमिगत लाइन बनाने की तैयारी कर रहा है। इसके तहत एयरोसिटी से टर्मिनल-1 तक 2.263 किलोमीटर लंबा भूमिगत कॉरिडोर बनाया जाएगा। परियोजना की अनुमानित लागत 1,419.64 करोड़ रुपये है। इसके लिए निविदा प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और 15 दिसंबर 2026 को तकनीकी बोलियां खोली जाएंगी। निर्माण कार्य पूरा करने के लिए 930 दिनों की समयसीमा निर्धारित की गई है।
इस परियोजना के तहत टर्मिनल-1 पर भूमिगत मेट्रो स्टेशन और दोहरी सुरंग बनाई जाएगी। नई लाइन शुरू होने के बाद यात्री एयरोसिटी स्टेशन पर एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन से जुड़ सकेंगे और टर्मिनल-3 तथा नई दिल्ली रेलवे स्टेशन तक आसानी से पहुंच पाएंगे। इससे गोल्डन लाइन और मैजेंटा लाइन के बीच कनेक्टिविटी भी बेहतर होगी। खासकर दक्षिण दिल्ली से टर्मिनल-1 जाने वाले यात्रियों को लाभ मिलेगा। एयर ट्रेन और नई मेट्रो लाइन की योजनाओं से दिल्ली एयरपोर्ट पर टर्मिनलों के बीच आवागमन पहले से अधिक सुविधाजनक होने की उम्मीद है।
