रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मंगलवार सुबह राजधानी रायपुर के महादेव घाट पहुंचकर खारुन नदी में आस्था की डुबकी लगाई और हटकेश्वर महादेव की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। बघेल ने हर वर्ष की तरह इस बार भी गुलाटी मारते हुए खारुन नदी के ठंडे पानी में छलांग लगाई और पवित्र स्नान किया। स्नान के पश्चात उन्होंने दीपदान किया तथा परंपरा के अनुसार हटकेश्वर महादेव को जल अर्पित कर विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान घाट पर कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
प्रकाश पर्व पर खरगे, राहुल, प्रियंका ने देशवासियों को दी शुभकामनाएं
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर महादेव घाट में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी थी। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने खारुन नदी में पवित्र स्नान कर धार्मिक अनुष्ठान किए। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा पर नदी में स्नान, दीपदान और पूजा-अर्चना का विशेष महत्व है। महादेव घाट राजधानी रायपुर के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल है। विशेष पर्वों एवं धार्मिक अवसरों पर यहां रायपुर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर महादेव घाट में आज से तीन दिवसीय मेले का भी आयोजन किया जा रहा है।
सरकारें बदलीं, मंत्री बदले, अधिकारी बदले, लेकिन एनएचएम संविदा कर्मचारियों की किस्मत आज भी नहीं बदली
