गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के छुरा नगर में इन दिनों एक जंगली भालू अपनी कथित अनोखी हरकतों को लेकर चर्चा में है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह भालू रात के अंधेरे में घरों और मंदिरों में घुसकर डिब्बों और बोतलों में रखा तेल पी जाता है। भालू की रिहायशी इलाकों में आवाजाही से लोगों में हैरानी के साथ दहशत भी बनी हुई है।
पांडुका क्षेत्र के निवासी और पत्रकार हेमंत तिवारी के मुताबिक, नगर में घूम रहे इस भालू के कई घरों में पहुंचने और वहां रखा तेल पीने की चर्चाएं हैं। बताया जा रहा है कि भालू रात के समय सुनसान माहौल का फायदा उठाकर घरों में प्रवेश करता है और तेल पीने के बाद बिना आहट किए वापस जंगल की ओर चला जाता है। हालांकि, तेल पीने और उसकी मात्रा को लेकर सामने आ रही बातें स्थानीय लोगों के दावों पर आधारित हैं। भालू की मौजूदगी की चर्चा रविवार रात करीब 10 बजे उस समय और बढ़ गई, जब उसके नगर के रेस्ट हाउस के सामने स्थित एक मंदिर में पहुंचने की बात सामने आई। बताया गया कि भालू मंदिर का गेट खोलकर भगवान भोलेनाथ के पास रखे तेल तक पहुंच गया। इस घटना के बाद आसपास के लोगों की चिंता और बढ़ गई है।
रिहायशी इलाके में भालू की मौजूदगी से बढ़ी चिंता
छुरा वन परिक्षेत्र के जंगलों से लगे गांवों में वन्यजीवों की आवाजाही बनी रहती है। पहले भी जंगली जानवरों के हमलों में ग्रामीणों के घायल होने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ऐसे में अब नगर के आसपास भालू की मौजूदगी से लोगों को अपनी सुरक्षा की चिंता सता रही है।मामले में छुरा वन परिक्षेत्र के रेंजर ने बताया कि भालू के रिहायशी इलाके में दिखाई देने की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम को गश्त के लिए भेजा गया। टीम ने संबंधित क्षेत्र में निगरानी की, जिसके बाद भालू जंगल की ओर चला गया। वन विभाग की टीम स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
