माओवाद के खात्मे के बाद नेशनल पार्क क्षेत्र में खुला नया थाना, पील्लूर बना बीजापुर जिले का 24वां थाना

Follow Us

बीजापुर। माओवाद के खात्मे के बाद अब दुर्गम माने जाने वाले नेशनल पार्क क्षेत्र में शासन-प्रशासन की पहुंच बढ़ाने की दिशा में एक और कदम उठाया गया है। ग्राम पील्लूर में नवीन पुलिस थाने का शुभारंभ पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज बद्रीनारायण मीणा ने किया। यह बीजापुर जिले का 24वां थाना है। इसके अंतर्गत कुल 15 गांव शामिल किए गए हैं।

नए थाने की स्थापना से क्षेत्र के ग्रामीणों को अपनी शिकायत दर्ज कराने और पुलिस सहायता प्राप्त करने के लिए दूरस्थ थानों तक नहीं जाना पड़ेगा। इससे स्थानीय स्तर पर कानून-व्यवस्था मजबूत होने के साथ ग्रामीणों को सुरक्षा और न्याय की सुविधा भी सुलभ हो सकेगी। प्रशासन को उम्मीद है कि थाने की शुरुआत से क्षेत्र में विकास कार्यों को भी गति मिलेगी।

नवीन थाना पील्लूर में उप निरीक्षक हनीफ खान को थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है। थाना शुरू होने से अब तक दुर्गम रहे इस क्षेत्र में पुलिस की नियमित मौजूदगी सुनिश्चित होगी। शुभारंभ कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष जानकी कोरसा, जिला पंचायत सदस्य कविता कुड़ेम, जनपद पंचायत अध्यक्ष भोपालपटनम सरिता कोरसा, उपाध्यक्ष गणपत नीलम, जनपद सदस्य दिनेश मड़े सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

जनसंख्या नियंत्रण कानून बने, दो से अधिक बच्चों वालों को न मिले कोई सरकारी लाभ: बाबा रामदेव

इसके अलावा पुलिस उपमहानिरीक्षक केरिपु बी.एस. नेगी, बीजापुर पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता, कमांडेंट 214वीं वाहिनी केरिपु मनीश शर्मा, कमांडेंट 22वीं वाहिनी केरिपु रणदीप सिंह, इंद्रावती टाइगर रिजर्व के उपसंचालक सुदेश सुरवाड़े, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविन्द्र कुमार मीणा, एसडीओपी भोपालपटनम सिद्धार्थ चौहान और एसडीओपी फरसेगढ़ अमन लखीसरानी सहित पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।