रायपुर। राजधानी रायपुर में नगर निगम के विशेष सम्मिलन में छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा मनोनीत 10 नए एल्डरमैनों का औपचारिक रूप से सदन में स्वागत किया गया। यह कार्यक्रम महात्मा गांधी सदन के सामान्य सभा सभागार में आयोजित हुआ, जिसमें जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की उपस्थिति रही।
इस अवसर पर महापौर मीनल चौबे, नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी और नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने सभी नव नियुक्त एल्डरमैनों को बुके भेंट कर स्वागत किया और उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान शहर के विकास और जनहित से जुड़े कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपेक्षा जताई गई।
नव नामांकित एल्डरमैनों में रामकिकर सिंह, विनय ओझा, मनीष करडमुजे, मित्रसेन धीमान, राजू राधवानी, गोपाल सोना, बी. श्रीनिवास राव, गोपी साहू, विक्रम सिंह ठाकुर और ऋषि साहू शामिल हैं। सभी सदस्यों का सदन में सम्मान किया गया। नगर निगम प्रशासन ने उम्मीद जताई है कि नए एल्डरमैन शहर के विकास कार्यों को गति देंगे और जनता से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाएंगे, जिससे रायपुर के समग्र विकास को और मजबूती मिलेगी।
