घाटी में कुदरत का कहर: पहलगाम, जोजिला और शोपियां में बादल फटने से तबाही, एक की मौत; सोनमर्ग में भूस्खलन, VIDEO

Follow Us

जम्मू-कश्मीर। जम्मू-कश्मीर के विभिन्न हिस्सों में खराब मौसम और प्राकृतिक आपदाओं ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। सोमवार को पहलगाम, जोजिला और शोपियां में बादल फटने की अलग-अलग घटनाओं से जहां प्रमुख सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं और रिहायशी इलाकों में पानी भर गया, वहीं सोनमर्ग में भूस्खलन की घटना सामने आई है। प्रशासन और बचाव दल लगातार राहत कार्यों में जुटे हुए हैं। वहीं अधिकारियों ने बताया कि कुपवाड़ा जिले के लोलाब इलाके में नसीमा बेगम (52) बादल फटने के कारण आई अचानक बाढ़ में उस समय बह गईं, जब वह एक उफनते नाले पर बनी पुलिया को पार करने की कोशिश कर रही थीं। बाद में उनका शव निचले इलाके में शाहाबाद के पास से बरामद किया गया।

घरों में जलभराव
अचानक आए पानी के तेज बहाव के कारण कई रिहायशी घरों में पानी घुस गया, जिससे निवासियों में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों युवा, महिलाएं और बच्चों ने मिलकर पानी का रुख मोड़ने का काम किया ताकि नुकसान को कम किया जा सके। शोपियां के विधायक, एडवोकेट शब्बीर अहमद कुल्लय ने प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया।

प्रशासन से अपील
ग्रामीणों ने विधायक से शिकायत की कि प्रशासन से कई बार सुरक्षा बांध बनाने की गुहार लगाई गई थी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। उन्होंने भविष्य में ऐसी आपदाओं से बचने के लिए तुरंत एक स्थायी तटबंध बनाने की मांग की है।

जोजिला: मलबा आने से सामरिक श्रीनगर-लेह राजमार्ग बंद

सोमवार को ही जोजिला इलाके में बादल फटने की घटना के कारण रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण श्रीनगर-लेह राजमार्ग को यातायात के लिए बंद करना पड़ा है। बादल फटने से सड़क पर भारी मलबा आ गया, जिससे स्थिति असुरक्षित हो गई। अधिकारियों ने तुरंत प्रभाव से वाहनों की आवाजाही रोक दी है। नुकसान का आकलन करने और सड़क से मलबा हटाने के लिए रेस्टोरेशन (बहाली) टीमों को प्रभावित हिस्से पर भेज दिया गया है।

यात्रियों के लिए सलाह
प्रशासन ने यात्रियों को सलाह दी है कि जब तक राजमार्ग को पूरी तरह से बहाल और सुरक्षित घोषित नहीं कर दिया जाता, तब तक इस रूट पर यात्रा करने से बचें।

पहलगाम: लंगनाई ब्रिज के पास सड़क क्षतिग्रस्त

पहलगाम के लंगनाई ब्रिज के पास भी बादल फटने की घटना दर्ज की गई है, जिससे यातायात व्यवस्था चरमरा गई है। प्राकृतिक आपदा के चलते सड़क टूट गई है, जिसके परिणामस्वरूप यातायात को रोक दिया गया है।

यात्रियों का रेस्क्यू
स्टेट डिजास्टर रिस्पांस फोर्स (एसडीआरएफ) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रास्ते में फंसे यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट कर दिया है। एसडीआरएफ की टीम ने यात्रियों को क्षतिग्रस्त पुल पार करने में भी पूरी मदद की। डिप्टी एसपी (पर्यवेक्षक अधिकारी, पहलगाम एक्सिस) की देखरेख में स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।