छत्तीसगढ़ में मानसून की रफ्तार धीमी, आज से बढ़ेगा तापमान, रायपुर समेत कई जिलों में बदलेगा मौसम

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश के बाद अब मौसम का मिजाज बदलने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार से प्रदेश में मानसून की गतिविधियां कुछ दिनों के लिए कमजोर पड़ सकती हैं। इसके चलते अधिकांश जिलों में बारिश में कमी आएगी और दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। हालांकि कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और वज्रपात की संभावना बनी हुई है।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक पूर्वी मध्यप्रदेश और आसपास बना निम्न दबाव का क्षेत्र धीरे-धीरे पश्चिम-उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके कमजोर होने के साथ ही छत्तीसगढ़ में बारिश की तीव्रता कम होने की संभावना है। वहीं उत्तर छत्तीसगढ़ से होकर गुजर रही द्रोणिका का प्रभाव भी धीरे-धीरे घटने लगेगा, जिससे मौसम अपेक्षाकृत साफ रह सकता है।

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के मध्य और उत्तर हिस्सों में कई जगह अच्छी बारिश दर्ज की गई, जबकि कुछ इलाकों में भारी वर्षा भी हुई। राजधानी रायपुर में हल्की बूंदाबांदी के बाद बुधवार सुबह धूप निकलने से लोगों को मौसम में बदलाव का अहसास हुआ। मंगलवार को दुर्ग प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं राजनांदगांव और पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

रायपुर में आज दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है। मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। राजधानी में अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। विशेषज्ञों ने लोगों को बदलते मौसम के बीच सतर्क रहने और बिजली गिरने की स्थिति में खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी है।