रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की दस्तक का इंतजार अभी थोड़ा और लंबा हो सकता है। पिछले तीन दिनों से मानसून प्रदेश की सीमा पर ही ठहरा हुआ है, हालांकि मौसम विभाग ने 15 जून तक बस्तर के रास्ते इसके प्रवेश की संभावना जताई है। इस बीच प्री-मानसून गतिविधियों में कमी आने से प्रदेश के कई इलाकों में तापमान फिर बढ़ने लगा है। पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई। राजनांदगांव सबसे गर्म रहा, जहां पारा 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं पेण्ड्रारोड में न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
हालांकि प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश का दौर भी जारी है। कुसमी में 5 सेमी, ओरछा में 4 सेमी और पिपरिया में 3 सेमी वर्षा दर्ज की गई। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मध्य पाकिस्तान से बांग्लादेश तक फैली द्रोणिका का असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर पड़ रहा है। राजधानी रायपुर में रविवार को गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई क्षेत्रों में वज्रपात और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की चेतावनी जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
