16 महीने बाद आमने-सामने होंगे मोदी -ट्रंप: अगले महीने फ्रांस की G7 समिट में दोनों की होगी मुलाकात

Follow Us

नई दिल्ली। वैश्विक कूटनीति के मंच से एक बेहद बड़ी और अहम खबर आ रही है। अगले महीने फ्रांस में होने जा रहे G7 शिखर सम्मेलन (G7 Summit) में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच एक बेहद खास मुलाकात होने जा रही है। लगभग 16 महीनों से भी अधिक समय के बाद यह पहला मौका होगा जब दोनों वैश्विक नेता आमने-सामने बैठकर द्विपक्षीय चर्चा करेंगे। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने प्रधानमंत्री मोदी को विशेष तौर पर इस समिट के लिए आमंत्रित किया है। यह प्रतिष्ठित शिखर सम्मेलन 15 से 17 जून तक फ्रांस के खूबसूरत शहर एवियन-लेस-बैंस (Evian-les-Bains) में आयोजित होने जा रहा है, जिसमें अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप भी हिस्सा लेंगे।

न्यूज एजेंसी एएनआई (ANI) के मुताबिक, इस महामुलाकात की रूपरेखा तैयार हो चुकी है। हाल ही में फ्रांस के अब्बे डेस वॉक्स-डे-सेर्ने में हुई G7 विदेश मंत्रियों की बैठक के दौरान फ्रांस के विदेश मंत्री जीन-नोएल बैरोट और भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर के बीच द्विपक्षीय बातचीत हुई। फ्रांस की तरफ से जारी आधिकारिक बयान में मंत्रियों ने पीएम मोदी के इस सम्मेलन में शामिल होने की पुष्टि का गर्मजोशी से स्वागत किया है। इस बैठक में वैश्विक आर्थिक असंतुलन और अंतरराष्ट्रीय साझेदारी को मजबूत करने में भारत के महत्वपूर्ण योगदान को रेखांकित किया गया। इसके साथ ही दोनों देशों ने मिडिल ईस्ट (पश्चिम एशिया) के मौजूदा हालातों पर विस्तार से चर्चा की। वैश्विक व्यापार को सुरक्षित रखने के लिए दोनों देश ‘होर्मुज जलडमरूमध्य’ (Strait of Hormuz) की सुरक्षा सुनिश्चित करने और इस मुद्दे पर आपसी तालमेल को और मजबूत करने के लिए पूरी तरह सहमत हुए हैं।