सरकारी स्कूलों में पहुंचेगी मोबाइल साइंस पाठशाला, AI, ड्रोन और रोबोटिक्स सीखेंगे ग्रामीण छात्र

Follow Us

पंडरिया। ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी शिक्षा से जोड़ने की दिशा में पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने एक नई पहल की है। जल्द ही विधानसभा क्षेत्र में “भावना दीदी की साइंस पाठशाला” मोबाइल इमर्जिंग टेक्नोलॉजी लैब का शुभारंभ किया जाएगा। इस अत्याधुनिक मोबाइल लैब के माध्यम से सरकारी स्कूलों के छात्र-छात्राओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), रोबोटिक्स, ड्रोन तकनीक, कोडिंग, 3D प्रिंटिंग और अन्य उभरती तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

यह मोबाइल लैब एक विशेष बस के रूप में संचालित होगी, जो पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के शासकीय हाई स्कूल, हायर सेकेंडरी स्कूल और सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालयों तक पहुंचेगी। विद्यार्थियों को उनके अपने स्कूल परिसर में ही आधुनिक तकनीकी शिक्षा और व्यावहारिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा।

विधायक भावना बोहरा ने कहा कि आज का दौर विज्ञान और तकनीक का है, इसलिए ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को भी नई तकनीकों से जोड़ना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रतिभा केवल शहरों तक सीमित नहीं होती, बल्कि गांवों के बच्चों में भी अपार क्षमता होती है। जरूरत सिर्फ उन्हें सही अवसर और संसाधन उपलब्ध कराने की है।

पहले चरण में 10वीं से 12वीं के विद्यार्थियों को मिलेगा प्रशिक्षण

योजना के प्रथम चरण में कक्षा 10वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा बेसिक से एडवांस स्तर तक प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रत्येक विद्यालय में 3 से 5 दिनों की कार्यशाला आयोजित होगी और प्रशिक्षण पूरा करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र भी प्रदान किया जाएगा। इस पहल के माध्यम से हर वर्ष 5,000 से अधिक विद्यार्थियों को लाभ पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।

व्यावहारिक रूप से सीखेंगे आधुनिक तकनीक

मोबाइल साइंस लैब में विद्यार्थियों को केवल सैद्धांतिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि आधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक अनुभव भी मिलेगा। प्रशिक्षण के दौरान छात्र स्वयं ड्रोन उड़ाना, रोबोट संचालित करना, कोडिंग करना, 3D मॉडल तैयार करना और अन्य तकनीकी गतिविधियां सीखेंगे।

लैब में निम्न विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा

0 आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI)
0 रोबोटिक्स
0 ड्रोन एवं एयरोमॉडलिंग
0 3D प्रिंटिंग
0 कोडिंग
0 इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT)
0 ऑगमेंटेड रियलिटी (AR) और वर्चुअल रियलिटी (VR)

 ग्रामीण-शहरी तकनीकी अंतर कम करने की पहल

विधायक भावना बोहरा ने कहा कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण और शहरी शिक्षा के बीच तकनीकी अंतर को कम करना है। आधुनिक संसाधनों के अभाव में पीछे रह जाने वाले ग्रामीण विद्यार्थियों को अब अपने स्कूल में ही भविष्य की तकनीकों से जुड़ने का अवसर मिलेगा, जिससे वे रोजगार और उच्च शिक्षा के बेहतर अवसरों के लिए तैयार हो सकेंगे।

उन्होंने बताया कि शिक्षा के क्षेत्र में पहले भी कई महत्वपूर्ण पहल की गई हैं। संसाधनों के अभाव में उच्च शिक्षा से वंचित छात्राओं के लिए 10 निःशुल्क बसों का संचालन किया जा रहा है, जिससे अब तक 1,500 से अधिक छात्राएं लाभान्वित हो चुकी हैं। वहीं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए “लक्ष्य निःशुल्क कोचिंग” की भी शुरुआत की गई है, जहां IIT-JEE, NEET और CGPSC जैसी परीक्षाओं की निःशुल्क तैयारी कराई जा रही है।

विधायक ने कहा कि “भावना दीदी की साइंस पाठशाला” केवल तकनीकी शिक्षा देने की पहल नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में नवाचार, वैज्ञानिक सोच और आत्मविश्वास विकसित करना है। उन्होंने बताया कि मोबाइल लैब की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और जल्द ही इसका शुभारंभ कर विद्यार्थियों को इसका लाभ देना शुरू किया जाएगा।