कांकेर। दीपावली पर्व पर बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ और व्यापारिक लेन-देन को देखते हुए कांकेर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। रविवार को पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन में थाना सिटी कोतवाली में सराफा व्यापारियों की विशेष बैठक आयोजित की गई।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी हरीश पाटिल तथा थाना प्रभारी जितेन्द्र साहू की उपस्थिति में व्यापारियों को सुरक्षा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस ने कहा कि त्योहारी सीजन में नकदी और आभूषणों की खरीद-बिक्री बढ़ जाती है, ऐसे में चोरी-लूट की घटनाओं की आशंका रहती है। इससे बचाव के लिए दुकान संचालक अपने कर्मचारियों का आधार-पैन सत्यापन कर रिकॉर्ड रखें। दुकान खोलते और बंद करते समय विशेष सावधानी बरतें। कीमती सामान और नकदी को लॉकर में सुरक्षित रखें।
नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार, धमतरी से बरामद की गई किशोरी
सीसीटीवी कैमरों की नियमित जांच, सायरन-अलार्म सिस्टम को क्रियाशील रखने और दुकान के आसपास संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने को कहा गया। साथ ही त्वरित संपर्क के लिए सराफा व्यापारियों का व्हाट्सएप ग्रुप बनाने और किसी संदिग्ध व्यक्ति द्वारा आभूषण बेचने पर तुरंत पुलिस को सूचना देने के निर्देश दिए गए।
ऑनलाइन भुगतान में बढ़ते फ्रॉड को लेकर भी पुलिस ने सतर्क किया। फर्जी पेमेंट स्क्रीनशॉट और यूपीआई ठगी से बचने के लिए भुगतान बैंक खाते में आने के बाद ही कन्फर्म करने की सलाह दी गई।
