खैर लकड़ी तस्करी पर वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, दो ट्रक लकड़ी जब्त, गोदाम सील

Follow Us

PCCF के निर्देश पर आधी रात छापेमारी, अवैध भंडारण और तस्करी के नेटवर्क की जांच शुरू

रायपुर। छत्तीसगढ़ में अवैध खैर लकड़ी की तस्करी के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित लकड़ी कारोबारी मनीष अग्रवाल के गोदाम पर छापा मारकर भारी मात्रा में खैर की लकड़ी जब्त की है। राज्य उड़नदस्ता दल की इस कार्रवाई में दो ट्रकों से अधिक खैर लकड़ी बरामद होने की जानकारी सामने आई है। कार्रवाई के बाद गोदाम को सील कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

वन विभाग के अनुसार, यह कार्रवाई प्रधान मुख्य वन संरक्षक (PCCF) अरुण कुमार पाण्डेय के निर्देश पर की गई। विभाग को लंबे समय से अवैध खैर लकड़ी के कारोबार की शिकायतें मिल रही थीं। सूचना के आधार पर राज्य उड़नदस्ता दल ने योजनाबद्ध तरीके से आधी रात गोदाम पर दबिश दी, जहां बड़ी मात्रा में खैर की लकड़ी बरामद हुई।

कार्रवाई के दौरान वन विभाग ने बरामद लकड़ी को जब्त कर गोदाम को सील कर दिया। साथ ही मौके पर उपलब्ध दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में लकड़ी के अवैध भंडारण और व्यापार की आशंका जताई जा रही है। विभाग अब लकड़ी के स्रोत, परिवहन और इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रहा है।

वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, संबंधित कारोबारी का नाम पहले भी कथित अवैध गतिविधियों में सामने आ चुका है। विभाग उसके पुराने मामलों और वर्तमान प्रकरण के बीच संभावित संबंधों की भी जांच कर रहा है। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि राज्य में वन संपदा की अवैध कटाई, परिवहन और व्यापार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। अधिकारियों ने कहा कि खैर की लकड़ी की अवैध तस्करी रोकने और इससे जुड़े नेटवर्क पर कार्रवाई के लिए आने वाले दिनों में भी संदिग्ध स्थानों पर छापेमारी और सघन जांच की जाएगी।