यूजर चार्ज पर ब्याज वसूली से महापौर नाराज, बोलीं- जनता को सुविधाएं देना भी निगम की जिम्मेदारी

Follow Us

रायपुर। नगर निगम मुख्यालय में राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान महापौर मीनल चौबे ने यूजर चार्ज पर ब्याज वसूली को लेकर अधिकारियों से सवाल किए। उन्होंने कहा कि निगम का काम केवल जनता से टैक्स और शुल्क वसूलना नहीं है, बल्कि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना भी उसकी जिम्मेदारी है। बैठक में बकाया राजस्व, पार्ट-पेमेंट, भवन पूर्णता प्रमाणपत्र, कॉलोनियों में कर वसूली और निगम की लीज संपत्तियों से जुड़े मामलों की समीक्षा की गई।

महापौर ने स्पष्ट किया कि जल कर और यूजर चार्ज पर ब्याज नहीं लगाया जाएगा। उन्होंने बकाया राशि के पार्ट-पेमेंट की प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने के साथ ऑनलाइन पोर्टल पर इसकी सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि निगम का राजस्व बढ़ाना जरूरी है, लेकिन इसके लिए नियमों का पालन किया जाना चाहिए। साथ ही कर और शुल्क से जुड़े नियमों व स्लैब की जानकारी नागरिकों को आसान भाषा में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

लीज अवधि समाप्त हो चुकी निगम की संपत्तियों के मामलों में महापौर ने पहले नियमानुसार नवीनीकरण की प्रक्रिया पूरी करने के बाद ही आगे की कार्रवाई करने को कहा। वहीं कॉलोनियों के हैंडओवर की स्थिति और वहां निगम द्वारा दी जा रही सेवाओं के आधार पर कर निर्धारण व वसूली की फाइलवार जांच के निर्देश दिए गए। उन्होंने डायवर्सन की तारीख से कर निर्धारण की प्रक्रिया लागू करने को भी कहा। महापौर ने अधिकारियों को दोहराया कि राजस्व बढ़ाने के साथ सड़क, पानी, स्वच्छता और अन्य नागरिक सुविधाओं पर भी बराबर ध्यान दिया जाए।