बाजार में लौटी रौनक! सेंसेक्स 500 अंक चढ़ा, निफ्टी 24,000 के पार, बैंकिंग शेयरों में जबरदस्त खरीदारी

Follow Us

नई दिल्ली। भारतीय शेयर बाजार में गुरुवार को जबरदस्त रिकवरी देखने को मिली। पिछले कारोबारी सत्र की भारी गिरावट के बाद निवेशकों ने दोबारा खरीदारी शुरू की, जिससे बाजार में सकारात्मक माहौल बना। शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स 500 अंक से ज्यादा की बढ़त के साथ 77,000 के स्तर के करीब पहुंच गया, जबकि निफ्टी भी 150 अंकों की तेजी के साथ 24,000 के पार कारोबार करता नजर आया।

आज की तेजी में बैंकिंग और कंज्यूमर ड्यूरेबल सेक्टर के शेयरों ने अहम भूमिका निभाई। गिरावट के बाद निवेशकों ने कई मजबूत शेयरों में खरीदारी की, जिससे प्रमुख इंडेक्स को सहारा मिला। घरेलू निवेशकों की सक्रियता का असर बाजार की चाल पर साफ दिखाई दिया।वैश्विक बाजारों से मिले-जुले संकेतों के बावजूद भारतीय बाजार में मजबूती बनी रही। एशियाई बाजारों में कहीं तेजी तो कहीं दबाव देखने को मिला, जबकि अमेरिकी बाजार पिछले सत्र में कमजोरी के साथ बंद हुए थे।

विदेशी और घरेलू संस्थागत निवेशकों की खरीदारी ने भी बाजार का भरोसा बढ़ाया है। विशेषज्ञों के अनुसार, निवेशकों की नजर अब वैश्विक संकेतों, कंपनियों के प्रदर्शन और आर्थिक घटनाक्रमों पर रहेगी। हालिया गिरावट के बाद आई यह तेजी बाजार के लिए राहत का संकेत मानी जा रही है।