हरियाणा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 जुलाई को प्रस्तावित हरियाणा दौरे को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। रैली को सफल बनाने के लिए पार्टी संगठन व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटा है। कार्यक्रम में आने वाले लोगों के स्वागत के लिए खास इंतजाम किए जा रहे हैं, जिसमें देसी घी के बूंदी लड्डू और महिलाओं को हरियाणवी परंपरा से जुड़ी चुनरी भेंट करने की योजना बनाई गई है।
रैली में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए उनके लिए अलग बैठक व्यवस्था की जाएगी। पार्टी का कहना है कि इससे महिलाओं को कार्यक्रम के दौरान बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और उनकी बड़ी संख्या में भागीदारी सुनिश्चित होगी। यह दौरा प्रधानमंत्री मोदी का पिछले 12 वर्षों में हरियाणा का 18वां दौरा होगा। इस दौरान वे कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का शुभारंभ बताया जा रहा है।
भाजपा रैली स्थल पर केंद्र सरकार के कार्यों और हरियाणा में हुए विकास कार्यों की जानकारी देने वाली बुकलेट भी बांटेगी। इसके अलावा पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए लोगों से ई-रिक्शा, सीएनजी वाहन, साइकिल और अन्य हरित परिवहन साधनों से पहुंचने की अपील की गई है। दौरे से पहले 16 जुलाई तक भाजपा लगातार प्रचार अभियान चलाएगी और वरिष्ठ नेता प्रेस वार्ताओं के जरिए कार्यक्रम से जुड़ी जानकारी साझा करेंगे।
