बालोद। छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के बीच अवैध भंडारण और कारोबार करने वालों के खिलाफ जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। बालोद जिले में प्रशासन की अलग-अलग टीमों ने कई स्थानों पर छापेमारी कर 6 कोचियों के ठिकानों से 306.4 क्विंटल से अधिक धान जब्त किया है। सभी संबंधित लोगों के खिलाफ मंडी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार, धान खरीदी व्यवस्था में गड़बड़ी रोकने और बिचौलियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए प्रशासन लगातार जांच अभियान चला रहा है। इसी दौरान अवैध रूप से धान जमा किए जाने की सूचना मिलने पर टीमों ने अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दी। जांच के दौरान 6 कोचियों के पास बड़ी मात्रा में धान का अनधिकृत भंडारण पाया गया, जिसके बाद उसे जब्त कर लिया गया।
खाद्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, जिले में 15 नवंबर 2026 से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू हुई है। 20 नवंबर तक 5 हजार से अधिक किसानों से कुल 21,200.92 मीट्रिक टन धान की खरीदी की जा चुकी है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी में अनियमितता करने और अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
