खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई: 15 क्विंटल प्रतिबंधित पनीर नष्ट

Follow Us

रायपुर। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने पुलिस जवानों की मौजूदगी में 15 क्विंटल प्रतिबंधित एनालॉग पनीर नष्ट कराया। विभागीय टीम ने पनीर की इस खेप को साल्हेवारा जांच चौकी पर पकड़ा था। वाहन चालक यह सामग्री भोपाल से रायपुर की ओर ले जा रहा था। जांच दल को वाहन के भीतर 50-50 किलोग्राम वजन वाले कुल 30 बॉक्स रखे मिले थे।

शादी का सपना दिखाकर युवती से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को पनीर के डिब्बों पर निर्माण तिथि, अवसान तिथि तथा बैच नंबर दर्ज नहीं मिला। आवश्यक नियम और मानकों का पालन न होने के कारण अधिकारियों ने इस संदिग्ध खाद्य सामग्री को तुरंत जब्त कर लिया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक घृतलहरे ने बताया कि विभाग ने जब्त एनालॉग पनीर का विधिक नमूना लेकर परीक्षण के लिए उच्च कार्यालय भेज दिया है। उन्होंने कहा कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात विभाग नियमानुसार आगे की कड़ी कार्रवाई करेगा।

बारिश बनी आफत: कोरबा में मकान पर गिरा पहाड़ी का मलबा, टला बड़ा हादसा

जांच के दौरान अधिकारियों ने रायपुर की क्रेता फर्म श्री बालाजी इंटरप्राइजेज तथा भोपाल की विक्रेता फर्म द माखन डेयरी की पहचान की। हालांकि, दोनों ही फर्मों ने इस जब्त माल को अपना बताने से साफ इन्कार किया है। इसके विपरीत, वाहन चालक के पास उपलब्ध बिल में विक्रेता के रूप में द माखन डेयरी भोपाल और क्रेता के रूप में श्री बालाजी इंटरप्राइजेज रायपुर का नाम स्पष्ट रूप से दर्ज है। आम जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ के इस मामले में जांच रिपोर्ट आने के बाद विभाग दोनों संस्थानों पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई करेगा।