चापड़ लहराकर रील बनाना पड़ा भारी: वसूली के आरोप में भी कार्रवाई, दो युवक गिरफ्तार

Follow Us

कोरबा। जिले में रील और सोशल मीडिया पर भाईगिरी दिखाने का शौक एक युवक को भारी पड़ गया। कोतवाली पुलिस ने अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर कार्रवाई की है। इनमें पुरानी बस्ती निवासी 22 वर्षीय गौतम तंवर पर लोगों से शराब पीने के लिए पैसे मांगने और डॉनगिरी का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित करने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार, गौतम खुद को कोरबा का गुंडा और डॉन बताकर लोगों पर दबदबा बनाने की कोशिश करता था। वह खुद को ‘भाई जी’ कहलवाता था और लोगों से शराब पीने के लिए पैसे मांगता था। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। पुलिस ने बस स्टैंड क्षेत्र में उसकी पैदल परेड भी कराई। पुलिस के मुताबिक, गौतम तंवर के खिलाफ पहले से भी कई मामले दर्ज हैं और उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटाई जा रही है। 

चापड़ लेकर दहशत फैलाने का आरोप:
दूसरी कार्रवाई फोकटपारा इलाके में की गई। यहां पुलिस ने हर्ष वैष्णव उर्फ गब्बर को धारदार चापड़ के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि फोकटपारा निवासी हर्ष वैष्णव हाथ में धारदार चापड़ लेकर लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से धारदार चापड़ बरामद किया गया।

बच्चों की पढ़ाई के लिए रोज नदी पार: 9 माह की बच्ची भी साथ, शिक्षिकाओं की मिसाल

आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई:
कोतवाली थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने बताया कि सूचना के आधार पर तत्काल पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था। आरोपी के कब्जे से धारदार चापड़ बरामद होने के बाद उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई और उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस आरोपी के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।

त्योहारों को लेकर पुलिस की सख्ती:
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर त्योहारी सीजन को देखते हुए पुलिस द्वारा गुंडा-बदमाशों और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने कहा कि शहर में हुड़दंग और दहशत फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

भिलाई स्टील प्लांट चोरी केस में बड़ी कार्रवाई, रसमड़ा प्लांट के एमडी-डायरेक्टर गिरफ्तार