IIIT रायपुर में बड़ी चोरी: हॉस्टल से 15 लैपटॉप गायब, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

Follow Us

रायपुर। नया रायपुर स्थित अंतर्राष्ट्रीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान, नया रायपुर में चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। संस्थान के हॉस्टल में घुसकर अज्ञात चोर करीब 15 लैपटॉप चोरी कर फरार हो गए। घटना के बाद छात्रों में नाराजगी है और संस्थान की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। जानकारी के अनुसार, आरोपी कामकाज का बहाना बनाकर हॉस्टल परिसर में दाखिल हुए थे। उस समय अधिकांश छात्र परीक्षा देने गए हुए थे, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने कमरों से लैपटॉप चोरी कर लिए। बताया जा रहा है कि पूरी घटना परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। हालांकि, पुलिस का कहना है कि अभी तक संस्थान प्रबंधन या छात्रों की ओर से औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। नया रायपुर के सीएसपी तुलसी राम टेकाम ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि शिकायत मिलते ही पुलिस कानूनी कार्रवाई शुरू करेगी। इस घटना के बाद छात्र सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जता रहे हैं और परिसर में निगरानी बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।