सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान जवानों ने जंगल में छिपाकर रखे गए नक्सली डंप को बरामद किया है। डंप से 315 बोर बोल्ट एक्शन राइफल और 47 जिंदा कारतूस समेत अन्य सामग्री बरामद की गई है। जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) रोहित शाह के मार्गदर्शन में जिले में लगातार नक्सल उन्मूलन अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 3 अगस्त को भेज्जी थाना पुलिस और सीआरपीएफ की 50वीं बटालियन की संयुक्त टीम को बोदराजपदर के जंगलों में सर्चिंग के लिए रवाना किया गया था।
सुरक्षाबलों को इलाके में नक्सलियों की अवैध गतिविधियों और हथियार छिपाए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद जवानों ने जंगल क्षेत्र में गहन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए डंप का पता चला। बरामद नक्सल डंप से एक 315 बोर बोल्ट एक्शन राइफल और 47 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। सुरक्षाबलों ने जब्त सामग्री को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। सुकमा जिले में नक्सल प्रभावित इलाकों में सुरक्षाबलों द्वारा लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। इस कार्रवाई को नक्सल गतिविधियों पर लगाम लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

