जशपुरनगर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 26 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जशपुर के रणजीता स्टेडियम में भव्य राज्योत्सव समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। इस वर्ष राज्योत्सव की थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान रखी गई है, जिसके माध्यम से महिला आत्मनिर्भरता और युवाओं के लिए रोजगार एवं आजीविका के अवसरों को प्रमुखता दी गई।
26 वर्षों में प्रदेश ने हासिल की विकास की नई पहचान
समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ ने राज्य गठन के बाद 26 वर्षों में विकास के विभिन्न क्षेत्रों में लंबा सफर तय किया है। कृषि, स्वास्थ्य, आवास, सड़क और रेल कनेक्टिविटी के क्षेत्र में प्रदेश ने उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जशपुर जिले में भी विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।
मंत्री ने राज्य निर्माण में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और स्वर्गीय कुमार दिलीप सिंह जूदेव के योगदान को याद किया। उन्होंने बताया कि राज्य गठन के समय प्रदेश का बजट करीब 5,500 करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर पौने दो लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
बस्तर में शांति और विकास का नया अध्याय, शिक्षा, स्वास्थ्य और आजीविका के अवसरों का हो रहा विस्तार
मेडिकल कॉलेज और स्वास्थ्य सुविधाओं का हो रहा विस्तार
जशपुर में चिकित्सा शिक्षा के विस्तार का उल्लेख करते हुए मंत्री ने कहा कि जिले में मेडिकल कॉलेज शुरू हो चुका है। नर्सिंग कॉलेज प्रारंभ करने की तैयारी की जा रही है। इसी सत्र से फिजियोथेरेपी कॉलेज भी शुरू किया जा रहा है। इसके अलावा योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा को बढ़ावा देने के लिए योग और नेचुरोपैथी अस्पताल का निर्माण कराया जा रहा है। इन सुविधाओं से स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी और दूसरे शहरों पर निर्भरता कम होगी।
किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से होगी धान खरीदी
किसानों के हित में सरकार के फैसलों की जानकारी देते हुए मंत्री ने बताया कि खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू होगी। किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान खरीदा जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में गरीब परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। वर्तमान में प्रतिदिन करीब 1600 मकानों का निर्माण हो रहा है।
रेल और सड़क परियोजनाओं से जशपुर को मिलेगी नई रफ्तार
मंत्री ने कहा कि धरमजयगढ़-पत्थलगांव-लोहरदगा रेल लाइन परियोजना जशपुर को रेल नेटवर्क से जोडऩे में महत्वपूर्ण साबित होगी। वहीं भारतमाला परियोजना के तहत पत्थलगांव से धनबाद तक सड़क निर्माण से क्षेत्र की परिवहन और आवागमन सुविधाओं को मजबूती मिलेगी।
पंजाब में आम आदमी पार्टी से इस्तीफा देने वाले 3 विधायक भाजपा में शामिल
विधायक ने भी गिनाईं जिले की विकास उपलब्धियां
कार्यक्रम में विधायक रायमुनी भगत ने कहा कि जिले में सड़क, पुल-पुलियों और अन्य आधारभूत सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना और प्रधानमंत्री जनमन योजना के माध्यम से गरीब परिवारों एवं विशेष पिछड़ी जनजातियों तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है।
समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय सहित अन्य जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भी राज्योत्सव की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार सहित बड़ी संख्या में नागरिक, अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
