छोटे भाई के साथ खेलते-खेलते 10 साल की बच्ची की मौत, गमछे में गला फंसने से हुआ दर्दनाक हादसा

Follow Us

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। बालको थाना क्षेत्र के सतनाम नगर में खेलते समय 10 वर्षीय बच्ची की गमछे में गला फंसने से मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के मुताबिक, मृतक बच्ची की पहचान रोमा राज के रूप में हुई है। वह मूल रूप से गढ़ उपरोड़ा की रहने वाली थी और वर्तमान में अपने परिवार के साथ बालको के सतनाम नगर में रहती थी। रोमा कक्षा तीसरी की छात्रा थी। परिजनों के अनुसार, घटना के समय रोमा अपने छोटे भाई के साथ घर में खेल रही थी। इसी दौरान उसने गमछे को ऊपर बांधकर उसमें सिर डालने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि वह पहले भी अपने छोटे भाई को हंसाने के लिए इस तरह की शरारत किया करती थी।

लेकिन इस बार खेल-खेल में गमछा अचानक उसके गले में कस गया, जिससे उसका दम घुटने लगा। जब परिजनों को इसकी जानकारी हुई, तब तक बच्ची की हालत गंभीर हो चुकी थी। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद बालको थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। इस हादसे ने परिवार और आसपास के लोगों को गहरे सदमे में डाल दिया है।