दंतेवाड़ा। बस्तर अंचल के दंतेवाड़ा जिले में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। कुआकोंडा विकासखंड की ग्राम पंचायत फूलपाड़ में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को एक बड़ा संगठनात्मक झटका लगा है। क्षेत्र के विकास कार्यों की उपेक्षा और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के व्यवहार से नाराज होकर 450 से अधिक ग्रामीणों ने एक साथ भाजपा छोड़ दी और कांग्रेस का दामन थाम लिया। फूलपाड़ में आयोजित एक विशेष राजनीतिक कार्यक्रम के दौरान इन सभी ग्रामीणों ने औपचारिक रूप से कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की।
ग्रामीणों को पार्टी में शामिल करने के लिए आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) के संयुक्त महामंत्री छविंद्र कर्मा और पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष अवधेश गौतम सहित कई वरिष्ठ नेता मुख्य रूप से मौजूद रहे। मंच पर उपस्थित नेताओं ने कांग्रेस में शामिल होने वाले सभी नवप्रवेशी ग्रामीणों का पारंपरिक रूप से स्वागत किया। नेताओं ने सभी को पार्टी का आधिकारिक गमछा पहनाकर दल में प्रवेश कराया और उन्हें कांग्रेस की रीति-नीति व विचारधारा से अवगत कराते हुए क्षेत्र के विकास का भरोसा दिया।
