- हीरापुर की अमरनाथ इस्पात फैक्ट्री में 7-8 बदमाशों ने दिया था वारदात को अंजाम, एक सप्ताह तक की थी रेकी
रायपुर । रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने चौकीदार को बंधक बनाकर बंद फैक्ट्री में डकैती करने वाले 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) रॉबिन्सन गुरिया की सतत मॉनिटरिंग में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना कबीर नगर की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। आरोपियों से करीब 17 लाख रुपये का डकैती किया गया माल, कटर-ड्रिल मशीन और घटना में प्रयुक्त टाटा-एस व स्कूटी जब्त की गई है।पुलिस के अनुसार प्रकरण में शामिल अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी पतासाजी जारी है। रायपुर कमिश्नरेट की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट अब तक चोरी, नकबजनी, स्नेचिंग, लूट व डकैती के 150 प्रकरणों में 237 आरोपियों को गिरफ्तार कर 4.66 करोड़ की मशरूका जब्त कर चुकी है।
प्रार्थी दिलीप कुमार वर्मा ने थाना कबीर नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह तेंदुआ रोड, हीरापुर स्थित अमरनाथ इस्पात बंद फैक्ट्री में 2020 से चौकीदारी करता है। 22 अक्टूबर की रात करीब 1:30 बजे वह ऑफिस के पोर्च में बैठा था, तभी बाउंड्रीवाल के अंधेरे हिस्से से एक व्यक्ति आता दिखा। आवाज देकर भगाने पर उसने पत्थर मारना शुरू कर दिया। इसी दौरान मुंह पर कपड़ा बांधे 7-8 अन्य लोग पहुंचे और विरोध करने पर चौकीदार के दोनों हाथ पीछे रस्सी से बांध दिए।
इसके बाद आरोपी ऑफिस में घुसे, वहां से एल्युमिनियम वायर बंडल, एल्युमिनियम-कॉपर के सामान, प्लेट, हैलोजन लाइट, दराज में रखा नगद, अलमारी तोड़कर पैनल कार्ड और फैक्ट्री में रखा कॉपर क्वाइल लूटकर ले गए। जाते समय फैक्ट्री की साइड दीवार तोड़कर खेत के रास्ते रिंग रोड की ओर फरार हो गए। रिपोर्ट पर थाना कबीर नगर में अपराध क्रमांक 217/26 धारा 127(2), 310(2) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया।
हजारों सीसीटीवी खंगाले, फिर मिला सुराग –
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। संयुक्त टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, आसपास के हजारों सीसीटीवी फुटेज खंगाले, फरार होने के संभावित मार्गों का विश्लेषण किया और पुराने तरीका-वारदात वाले आरोपियों पर मुखबिर लगाए।
इसी दौरान सरोना, डीडी नगर निवासी संदीप नेताम के संबंध में अहम जानकारी मिली। उसे पकड़कर पूछताछ करने पर उसने साथियों के साथ वारदात कबूल की, जिसके बाद अजीत भारती और उमेंद्र ठाकुर उर्फ उमेन को भी गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में खुलासा –
आरोपियों ने बताया कि उन्होंने सुनियोजित योजना बनाई थी और वारदात से पहले एक सप्ताह तक बंद फैक्ट्री की रेकी कर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी। घटना वाले दिन सभी टाटा-एस और स्कूटी से फैक्ट्री पहुंचे, चौकीदार को बंधक बनाया और कीमती सामान लूटकर टाटा-एस में भरकर फरार हो गए। संदीप नेताम थाना गुढ़ियारी में चोरी-मारपीट, उमेंद्र ठाकुर टिकरापारा में नकबजनी और अजीत भारती डीडी नगर में प्रतिबंधात्मक धाराओं में जेल जा चुके हैं।
गिरफ्तार आरोपी –
1. संदीप नेताम पिता स्व. मनसोचन नेताम उम्र 35, बीएसयूपी कॉलोनी ब्लॉक-14, सरोना, डीडी नगर
2. अजीत भारती पिता स्व. रमेश भारती उम्र 30, बीएसयूपी कॉलोनी सरोना, डीडी नगर
3. उमेंद्र ठाकुर उर्फ उमेन पिता धर्मेन्द्र ठाकुर उम्र 27, देवारपारा सुभाषनगर, तेलीबांधा
